By नीरज कुमार दुबे | Dec 08, 2025
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठान पर सीधा प्रहार करते हुए कहा है कि भारत के साथ शत्रुता, आतंकवाद और वैमनस्य की जड़ पाकिस्तान की सेना है। हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत जिन चुनौतियों से जूझता रहा है, चाहे वह आतंकवादी ढांचा हो, प्रशिक्षण शिविर हों या वैचारिक शत्रुता, इन सबका मूल स्रोत पाकिस्तान की सेना है। जयशंकर के शब्दों में, “हमारी अधिकांश समस्याएँ पाकिस्तान की सेना से ही आती हैं।”
दूसरी ओर, भारत की इन टिप्पणियों पर पाकिस्तान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। इस्लामाबाद ने रविवार को कहा कि उसके सशस्त्र बल “राष्ट्रीय सुरक्षा का स्तंभ” हैं और जयशंकर के बयान “भड़काऊ और बेबुनियाद” हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने आरोप लगाया कि भारत “दुष्प्रचार अभियान” चला रहा है और पाकिस्तानी सेना किसी भी आक्रमण का “जिम्मेदार और प्रभावी” ढंग से सामना करने में सक्षम है।
देखा जाये तो भारत–पाक संबंधों की हकीकत कोई गुप्त रहस्य नहीं है। दशकों से यह स्पष्ट है कि पाकिस्तान की चुनी हुई सरकारें चाहे जितना भी लोकतंत्र का नाटक करती रहें, असली सत्ता रावलपिंडी के जनरल मुख्यालय (GHQ) में टिकी रहती है। जयशंकर ने जो कहा वह नया नहीं है। भारत ने जो कहा है उसे दुनिया वर्षों से जानती है लेकिन अक्सर राजनयिक शिष्टाचार की ओट में छिपाती है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की प्रतिक्रिया भी उतनी ही अनुमानित थी। अपनी सेना को “राष्ट्रीय सुरक्षा का स्तंभ” बताते हुए वही पुरानी रटी-रटाई लाइनें दोहराना। लेकिन असली प्रश्न यह है कि क्या पाकिस्तान की सेना सचमुच सुरक्षा का स्तंभ है या वह स्वयं पाकिस्तान की असुरक्षा और अस्थिरता का सबसे बड़ा उत्पादक है? एक ऐसा सैन्य ढांचा जो आतंकवाद को विदेश नीति का औजार बनाता हो, जो भारत-विरोध को राष्ट्रीय पहचान का आधार बनाए और जो अपने ही देश की आर्थिक बरबादी के बीच बजट का बड़ा हिस्सा खाता रहे, वह पड़ोसी देशों के लिए ही नहीं, अपने नागरिकों के लिए भी खतरा है।
जयशंकर की टिप्पणी पर पाकिस्तान की झुँझलाहट इसलिए भी स्वाभाविक है क्योंकि यह तथ्य उनकी सबसे दर्दनाक नस पर चोट करता है कि पाकिस्तान का सबसे शक्तिशाली संस्थान आज विश्व मंच पर विश्वसनीयता संकट का सामना कर रहा है। आतंकवादी संरचनाओं से ऐतिहासिक संबंध, आर्थिक दिवालियापन और आंतरिक राजनीतिक अस्थिरता ने उसकी छवि को खोखला बना दिया है।
देखा जाये तो भारत ने साफ कह दिया है कि आतंकवाद की जड़ें कहाँ हैं और वह अब आतंक के आकाओं का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोहराने से पीछे नहीं हटेगा। इसका असर FATF, IMF वार्ताओं और वैश्विक सुरक्षा विमर्श में पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। इसमें कोई दो राय नहीं कि जब भारत का शीर्ष राजनयिक सीधे पाकिस्तान की सेना को समस्या की जड़ बताता है तो यह संकेत है कि किसी भी आतंकवादी हमले की स्थिति में भारत की प्रतिक्रिया सीधी और सैन्य-संरचना केंद्रित हो सकती है।