S Jaishankar ने Tokyo में 2+2 वार्ता के दौरान सप्लाई चेन को हथियार बनाने पर चिंता जताई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

(तस्वीरों के साथ) तोक्यो, 19 नवंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखलाओं को ‘‘हथियार’’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई और कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और जापान जैसी विश्वसनीय साझेदारियों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बृहस्पतिवार को तोक्यो में आयोजित भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता में शामिल हुए, जिसे 2+2 बैठक भी कहा जाता है। वार्ता के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था इस समय कई तरह के झटकों का सामना कर रही है, जिनमें दो बड़े जारी संघर्ष, आर्थिक अस्थिरता और कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभाव शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रम ने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। जयशंकर ने कहा, ‘‘जब हम इन मोर्चों पर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं, तब भारत और जापान जैसी विश्वसनीय एवं सार्थक साझेदारियां और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं।’’ रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का प्रभाव संबंधित क्षेत्रों से कहीं आगे तक पड़ा है। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री परिवहन और खाद्य सुरक्षा प्रभावित हुई है।

मंत्री ने कहा, ‘‘हमने संपर्क मार्गों, संसाधनों, सेवाओं, आपूर्ति शृंखलाओं और बाजार हिस्सेदारी को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चर्चा की।’’ उन्होंने कहा कि इनमें से कई घटनाक्रम का राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा प्रभाव पड़ता है। जयशंकर ने कहा, ‘‘इस संदर्भ में अपनी क्षमताओं को मजबूत करना तथा नए विकल्प तलाशना महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने खाड़ी क्षेत्र के अनुभवों के मद्देनजर संपर्क मार्गों और महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को लेकर बढ़ती चिंताओं का भी उल्लेख किया और समुद्री व्यापार का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जयशंकर ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि समुद्री व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो, क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य का केंद्र है।

हमारा समुद्री सहयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।’’ जयशंकर की यह टिप्पणी पश्चिम एशिया के प्रमुख समुद्री मार्गों, विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच आई है। इन हमलों में कई भारतीय नाविकों की मौत हुई है। सुरक्षा संबंधी स्थिति ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्गों से होने वाले समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

जयशंकर ने कहा कि दोनों देश इस संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन के महत्व पर भी सहमत हुए। उन्होंने कहा कि वार्ता में युद्ध के बदलते स्वरूप, आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल और नवोन्मेषी समाधानों जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान बहुध्रुवीय एशिया और बहुध्रुवीय विश्व के पक्षधर हैं तथा दोनों देश बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार के प्रबल समर्थक रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और जापान के बीच मजबूत संबंध निश्चित रूप से अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’ 2+2 वार्ता प्रारूप के तहत दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री अपनी रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करते हैं तथा विदेश नीति, रक्षा और क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

प्रमुख खबरें

TVK विधायक VS Babu का चेन्नई के MGM Healthcare में निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

GTA 6 अब Blinkit पर उपलब्ध, 11 शहरों में कुछ मिनटों में घर पहुंचेगा कलेक्टिबल बॉक्स

1 जनवरी 2027 से Malaysia जाने से पहले Visa लेना जरूरी, 30 दिन की छूट होगी खत्म

Punjab PCS Exam में गड़बड़ी के आरोपों पर High Court सख्त, 751 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू रुका