S Jaishankar ने Tokyo में Fumio Kishida से की मुलाकात, रणनीतिक और आर्थिक हितों पर चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को तोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की तथा दोनों देशों के रणनीतिक हितों की समानता एवं आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। वर्ष 1903 में स्थापित जापान-भारत संघ जापान के सबसे पुराने निजी संगठनों में से एक है, जो दोनों देशों के बीच मित्रता और राजनीतिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। वर्ष 2021 से 2024 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे किशिदा इस संगठन के अध्यक्ष हैं।

जयशंकर ने किशिदा से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे रणनीतिक हितों और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े हितों की समानता पर चर्चा हुई। हमारी विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।’’ जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता के लिए जापान की यात्रा पर हैं। ‘टू प्लस टू’ के नाम से जानी जाने वाली यह वार्ता बृहस्पतिवार को होगी।

दोनों भारतीय मंत्री अपने जापानी समकक्षों, विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ बैठक करेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। साथ ही, स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।

जयशंकर, मोतेगी के साथ भारत-जापान विदेश मंत्रियों की 19वीं रणनीतिक वार्ता भी करेंगे जिसमें सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है। जयशंकर 18 और 19 नवंबर को आयोजित ‘रायसीना तोक्यो’ के तीसरे संस्करण में भी हिस्सा लेंगे। इस मंच पर नीति निर्माता, कारोबारी दिग्गज और नागरिक समाज के प्रतिनिधि व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियां, ऊर्जा के क्षेत्र में बदलाव और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की व्यवस्था से जुड़े मुद्दों समेत क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

जयशंकर ने इस सप्ताह की शुरुआत में नयी दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को भेजे एक वीडियो संदेश में कहा था कि ‘‘स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आकार देने में दोनों देशों की भूमिका अपरिहार्य है।’’ जयशंकर सोमवार और मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फिलीपीन में थे। वह दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान), पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) और चार देशों के समूह ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) की बैठकों के लिए प्रधानमंत्री की दो दिवसीय मनीला यात्रा में उनके साथ गए थे।

प्रमुख खबरें

Chhattisgarh Cabinet ने ग्रामीण नल-जल संचालन नियम 2026 के प्रारूप को दी मंजूरी

पेज नंबर 201 पर विवाद, शिवसेना नेताओं ने फाड़ी सोनिया गांधी की किताब, बैन की मांग

गठबंधन टूटने के बाद Congress से बढ़ी दूरी, Sonia Gandhi के कार्यक्रम से दूर रहे DMK चीफ Stalin

Ballia में बाइक के लिए पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल