चीन से तनातनी के बीच रूस के विदेश मंत्री लावरोव से मिले जयशंकर, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 10, 2020

मास्को। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ उनकी बेहतरीन वार्ता हुई है। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की और अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिये चार दिनों की रूस की यात्रा पर यहां हैं। जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से इस बार व्यक्तिगत रूप से मिल कर खुशी हुई।बेहतरीन वार्ता हुई, जिसमें हमारे विशेष एवं विशेषाधिकार वाली रणनीतिक साझेदारी प्रदर्शित हुई। अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर हमारे बीच हुई बातचीत काफी मायने रखती है। ’’ कोविड-19 के कारण यह बैठक पहले नहीं हो सकी थी। रूस स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, लावरोव ने कहा, ‘‘हम सभी क्षेत्रों... द्विपक्षीय संबंधों, एसीओ, ब्रिक्स, संयुक्त राष्ट्र के कार्यढांचे के तहत सहयोग... में रूस-भारत रणनीति साझेदारी के विकास पर चर्चा करने के अवसर की प्रशंसा करते हैं।’’ गौरतलब है कि पिछले हफ्ते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने रूसी समकक्ष जनरल सर्गे शोइगु से मास्को में मुलाकात की थी। राजनाथ ने देश की रक्षा एवं सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिये रूस द्वारा तीव्र गति से मुहैया किये गये सहयोग की सराहना की थी। सिंह एससीओ की एक अहम बैठक में शामिल होने के लिये रूस के तीन दिनों के दौरे पर आये थे। इससे पहले, जयशंकर ने बुधवार को यहां किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। 

प्रमुख खबरें

Mahtari Vandan Yojana: CM विष्णु देव साय ने 67 लाख महिलाओं को भेजे 631 करोड़

Air India को चाहिए $1.5 Billion की भारी Funding, Tata Sons और Singapore Airlines से मांगी बड़ी मदद

Rohingya refugees ने Bangladesh में निकाली रैली, सुरक्षित म्यांमा वापसी की मांग की

Delhi High Court ने PM आवास के पास स्थित 3 झुग्गी बस्तियों को खाली करने के लिए 6 हफ्ते दिए