मेरठ,कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी के साये में होगा महाशिवरात्रि को बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक

By राजीव शर्मा | Feb 28, 2022

मेरठ में क्रांति के प्रतीक ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। CCTV कैमरों और पुलिस कर्मियों की निगरानी के बीच मंदिर में जलाभिषेक होगा। वहीं, मंदिर परिसर से दो किमी तक के दायरे पर खास सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। मेरठ के मुख्य छावनी इलाके में स्थित शिवमंदिर पर महाशिवरात्रि पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है, इसलिए पुलिस, प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

मंदिर समिति के अनुसार महाशिवरात्रि पर रात में चार प्रहर की आरती होगी। शाम 7 बजे, रात 11 बजे, रात 1 बजे और सुबह 4 बजे घंटा, घड़ियाल परंपरा से आरती होगी। भगवान आशुतोष का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। भस्म श्रृंगार की भी योजना बनाई जा रही है। वहीं इस बार त्रयोदशी और चतुर्दशी के मिलन का समय शिवपूजन के लिए उत्तम है। 28 फरवरी को सोम प्रदोष व्रत है और अगले दिन मंगलवार को महाशिवरात्रि है। शिवरात्रि पर सुबह 4 बजे से रुद्राभिषेक करने का उत्तम योग बन रहा है। वहीं मंदिर के कपाट भक्तों के लिए रात भर खुले रहेंगे और प्रवेश गरुड़ द्वार से निकास नंदी द्वार से रहेगा।

एएसपी सूरज राय ने बताया कि औघडऩाथ मंदिर में जाने वाले तीनों रास्तों को सीसीटीवी से कवर किया गया है। सीसीटीवी का कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी करने के लिए सर्विलांस की टीम लगा दी गई है। तीनों मार्गों पर बैरियर भी लगा दिए हैं, ताकि मंदिर परिसर तक चार पहिया वाहन न पहुंच सकें। दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाई गई है। एएसपी खुद सुरक्षा की मानीटरिंग करेंगे। लालकुर्ती, रेलवे रोड और सदर बाजार थानों से भी फोर्स लगाई गई है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुबह सात बजे से रहेगी। एसपी सिटी विनीत भटनागर और अन्य सर्किल के सीओ को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

प्रमुख खबरें

England Cricket Board को बड़ा झटका: Andy Flower ने खुद को हेड कोच की रेस से किया बाहर

F1 Belgium GP: Mercedes के युवा सितारे Kimi Antonelli का दबदबा, दिग्गज Verstappen और Norris पर भारी पड़े

Slavko Vinčić को मिली FIFA World Cup Final की कमान, Spain vs Argentina खिताबी भिड़ंत के बनेंगे गवाह

क्रिकेट इतिहास के सबसे महान All-rounder Sir Garfield Sobers का 89 की उम्र में निधन, Cricket World में शोक की लहर