छात्र संघ चुनाव: Jamia Millia Islamia ने अनशनकारी छात्र को दिया कैंपस खाली करने का अंतिम नोटिस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

(भाष) जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे प्रथम सेमेस्टर के एक छात्र को सोमवार को अंतिम नोटिस जारी कर विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय ने ऐसा नहीं करने पर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। रेहान खान उन दो छात्रों में शामिल हैं, जिन्होंने सोमवार को भी भूख हड़ताल जारी रखी।

विश्वविद्यालय के मुख्य प्रॉक्टर ने 26 अक्टूबर को जारी नोटिस में कहा कि सक्षम प्राधिकारी ने प्रदर्शनकारियों की मांगों के चार्टर को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी थी। नोटिस में बताया गया है कि इसके बाद अधिकतर प्रदर्शनकारियों ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी, विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया और उत्तरी परिसर में राजनीति विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विभागों की इमारतों के साथ-साथ धरना स्थल भी खाली कर दिया। मुख्य प्रॉक्टर ने कहा कि हालांकि, खान ने सुबह चार बजकर 15 मिनट पर जारी नोटिस के बावजूद धरना और भूख हड़ताल कथित तौर पर जारी रखी।

नोटिस के अनुसार, वरिष्ठ संकाय सदस्यों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सुबह करीब आठ बजकर 50 मिनट पर खान से मुलाकात की और उन्हें तीन घंटे से अधिक समय तक भूख हड़ताल समाप्त करने तथा विरोध प्रदर्शन वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने उनकी अपील नहीं मानी। नोटिस में विश्वविद्यालय ने खान पर विश्वविद्यालय के आदेश और आपसी सहमति से तय शर्तों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय ने कहा कि खान के कदमों से संकेत मिलता है कि वह इस मुद्दे को बनाए रखना चाहते हैं।

प्रमुख खबरें

Shahdara Police Station में SHO और ACP से बदसलूकी, 20 वकीलों पर FIR दर्ज

Cyclone Arnab: ओडिशा के 6 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद, तटीय क्षेत्रों से लोगों की निकासी शुरू

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर Election Commission ने Supreme Court में दिया जवाब, फॉर्म छह में बदलाव से इनकार

चक्रवात Arnab का खतरा: Andhra Pradesh ने 20 जिलों के लिए 27 करोड़ रुपये किए मंजूर