जम्मू-कश्मीर: उमर के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए गए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2024

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को शुक्रवार को विभागों का आवंटन किया। उपराज्यपाल ने यहां मुख्यमंत्री के परामर्श पर विभागों के आवंटन का एक आदेश जारी किया।

आदेश के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी लोक निर्माण (आरएंडबी), उद्योग एवं वाणिज्य, खनन, श्रम एवं रोजगार तथा कौशल विकास का प्रभार संभालेंगे। एकमात्र महिला मंत्री सकीना मसूद (इटू) को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और समाज कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रभार सौंपा गया है।

वह पूर्ववर्ती राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में अब्दुल्ला के पहले कार्यकाल के दौरान समाज कल्याण मंत्री थीं। जावेद अहमद राणा को जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के विभाग आवंटित किए गए हैं।

जावेद अहमद डार कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सहकारिता और चुनाव मंत्री होंगे। सतीश शर्मा को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, परिवहन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा सेवाएं एवं खेल तथा प्रशासनिक सुधार, निरीक्षण, प्रशिक्षण एवं शिकायत विभाग (एआरआई) एवं प्रशिक्षण का प्रभार सौंपा गया है। आदेश में कहा गया है कि किसी भी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए अन्य विभाग/विषय मुख्यमंत्री के पास रहेंगे।

प्रमुख खबरें

ईडी ने फर्जी टेंडर मामले में Tripura समेत तीन राज्यों के 13 ठिकानों पर की छापेमारी

Kochi में डॉक्टर से मारपीट और लूटपाट, साउथ एक्ट्रेस Athulya Chandra समेत 3 गिरफ्तार

Kotia के 300 लोगों ने Andhra Pradesh चुनाव में डाला वोट, Odisha सरकार ने जांच के दिए आदेश

US Justice Department: हरमीत कौर ढिल्लों ने पद छोड़ा, मध्यावधि चुनाव बाद इस्तीफा