जम्मू-कश्मीर बारिश: रेलवे ने जम्मू में 30 सितंबर तक के लिए 68 ट्रेनें रद्द कीं, 24 बहाल होंगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2025

उत्तर रेलवे ने 30 सितंबर तक के लिए जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 68 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की जबकि 24 ट्रेनों को फिर से शुरू करने का कार्यक्रम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जम्मू क्षेत्र में 26 अगस्त (मंगलवार) से भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में लोग खासकर तीर्थयात्री फंस गए हैं।

कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की जान चली गई। बुधवार तक जम्मू क्षेत्र में 1910 के बाद से सबसे ज्यादा 380 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बताया, “स्थानीय लोगों और जम्मू तथा कटरा के बीच फंसे यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।”

वहीं मंगलवार शाम कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने घाटी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में मंगलवार शाम रुक-रुक कर बारिश हुई।

उन्होंने बताया कि अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता हल्की से मध्यम रही, जबकि दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर हैं लेकिन अभी तक घाटी में झेलम नदी और अन्य जलाशय बाढ़ की चेतावनी के निशान से काफी नीचे हैं।

मौसम विभाग ने मंगलवार शाम को बताया कि पीर पंजाल पर्वतमाला और दक्षिण कश्मीर के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या थोड़े समय के लिए तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

अगले 16 घंटों के दौरान अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ संवेदनशील स्थानों पर बादल फटने, अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन या जलभराव की आशंका है।

प्रमुख खबरें

UP International Trade Show: महिला Self Help Groups ने कंपनियों के साथ किए 30 MoU

LPU के छात्रों की सुरक्षा पर John Brittas ने CM Bhagwant Mann को लिखा पत्र

Delhi Weather: राजधानी में बढ़ेगा पारा, IMD ने दी सुहावने मौसम के खत्म होने की जानकारी

चेन्नई में SIT ने ग्रेनाइट कारोबारी R Veeramani पर दर्ज किया नया POCSO केस