जम्मू कश्मीर: आप विधायक की गिरफ्तारी से डोडा में तनाव, शांति समिति की हुई बैठक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 12, 2025

जम्मू कश्मीर में कड़े जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शनकारियों एवं सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़पों और 80 से अधिक लोगों को हिरासत में लेने के बाद बृहस्पतिवार को डोडा जिले और आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त हो गया।

इसी से संबंधित में बृहस्पतिवार को श्रीनगर के सर्किट हाउस में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला को आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से मिलने से रोक दिया गया। मलिक के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर विरोध प्रदर्शन करने से रोकने के लिए सांसद को परिसर में ही हिरासत में ले लिया गया था।

डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्रीधर पाटिल की अध्यक्षता में पुलिस ने बुधवार शाम को डोडा में शांति समिति की बैठक आयोजित की ताकि क्षेत्र में शांति हो और सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

डोडा जिले में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन निषेधाज्ञा लागू रही, जहां एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट और वाईफाई सेवाएं निलंबित रहीं। प्रशासन ने सोमवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर बिना पूर्व अनुमति के लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया।

पाटिल ने चेनाब घाटी के लोगों को आश्वासन दिया कि स्थिति लगभग नियंत्रण में है और जल्द से जल्द पूर्ण सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। कथित प्रशासनिक मनमानी को लेकर तनाव के बीच डोडा शहर, भद्रवाह, गंडोह और थाथरी के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सरकारी कार्यालयों के पास कांटेदार तार लगाए गए हैं।

पुलिस वाहनों ने क्षेत्र में गश्त की और निवासियों से घरों के अंदर रहने की अपील की। श्रीनगर में पुलिस की कार्रवाई में अब्दुल्ला और सिंह को एक बंद गेट से अलग किया गया और इसे अब्दुल्ला ने संविधानिक मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया।

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने डोडा की स्थिति को बेहद परेशान करने वाला बताया और मलिक की हिरासत के बाद पैदा हुई अशांति से निपटने के प्रशासन के तरीके की आलोचना की।

प्रमुख खबरें

Asian Games में शानदार प्रदर्शन पर President Murmu ने पदक विजेताओं को दी बधाई

Asian Games से बाहर हुए Bangladesh के बल्लेबाज Najmul Hossain Shanto, ढाका लौटेंगे

Asian Games में भारत ने जीते 6 पदक, Sensex 1124 अंक टूटा

Asian Games में 29 सितंबर को भारतीय दल का पूरा शेड्यूल जारी, कई पदकों के लिए उतरेंगे खिलाड़ी