Kishtwar में शहीद SPOs के परिजनों से मिले IGP, BJP नेता Sunil Sharma ने उठाए सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) तेजिंदर सिंह ने किश्तवाड़ जिले के दुर्गम देच्छन इलाके में एक आतंकवादी हमले में मारे गए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के परिजनों से शनिवार को मुलाकात की। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा ने सुरक्षा और अभियान संबंधी कथित चूकों को लेकर चिंता जताई। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शर्मा ने सवाल उठाया कि दोनों एसपीओ को सेना के जवानों की मदद के लिए दुर्गम पहाड़ी इलाके में किस परिस्थिति में भेजा गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से दोनों को अनावश्यक जोखिम का सामना करना पड़ा और अंततः उनकी जान चली गई। एसपीओ बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45), दोनों कियार गांव के निवासी थे। वे बृहस्पतिवार तड़के दच्छन के जंगल में मृत पाए गए थे।

वे इससे एक दिन पहले इस दुर्गम वन क्षेत्र से लापता हो गए थे। आशंका है कि उनकी मौत आतंकवादी हमले में हुई। यह घटना देहरना और कियार गांवों के बीच करीब 8,858 फुट की ऊंचाई पर हुई, जब दोनों एसपीओ पड़ोसी मरवाह तहसील के बसनंद स्थित सुरक्षा चौकी की ओर जा रहे थे।

उनकी सरकारी राइफलें, एक इंसास राइफल और एक प्वॉइंट 303 राइफल, मैगजीन और गोला-बारूद के साथ गायब थीं। आशंका है कि हमलावर इन्हें अपने साथ ले गए। घटनास्थल से पाकिस्तान में निर्मित कवच भेदी स्टील-कोर गोलियों के खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिससे इस घटना को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं और बढ़ गई हैं।

जम्मू के पुलिस प्रमुख ने वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम के साथ कियार गांव का दौरा किया। उन्होंने मारे गए दोनों एसपीओ के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इलाके में जारी आतंकवाद-रोधी अभियान की समीक्षा की। अगस्त 2000 में आतंकवादियों ने कियार गांव पर हमला कर आठ लोगों की हत्या कर दी थी।

इसके बाद 2004 में दो और स्थानीय लोगों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। भाजपा नेता ने कियार और देहरना गांवों को अलग करने वाली पहाड़ी की ओर इशारा करते हुए अभियान की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सेना के पास खुद अभियान चलाने की क्षमता होने के बावजूद दोनों एसपीओ को सेना के अस्थायी अभियान अड्डे (टीओबी) तक पहुंचने के लिए दुर्गम पहाड़ी इलाके से होकर जाने की जरूरत क्यों पड़ी।

शर्मा ने यह भी सवाल उठाया कि अभियान वाले इलाके में भेजने से पहले दोनों एसपीओ को प्वॉइंट 303 और इंसास राइफलें देने का फैसला क्यों किया गया। उन्होंने आईजी के सामने चिंता जताते हुए कहा, “यह कैसी अभियान रणनीति है?” भाजपा नेता ने इसे लापरवाही और खराब योजना का मामला बताया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि दोनों एसपीओ को पहाड़ी के पार भेजने के बजाय आसपास की पुलिस चौकियों पर तैनात जवानों की सेवाएं क्यों नहीं ली गईं।

शर्मा ने पहले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली घटनाओं के बाद इलाके में करीब 40 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने वर्ष 2000 के नरसंहार के बाद अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। उस दौरान तत्कालीन रक्षा मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने इलाके का दौरा किया था।

शर्मा ने हत्याओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि घटना की गंभीरता के बावजूद सुरक्षाकर्मी अगले दिन सुबह तक प्रभावित इलाके में नहीं पहुंचे थे।

प्रमुख खबरें

Pakistan को हराकर U19 Asia Cup जीता Team India, Aryavir Sehwag चुने गए बेस्ट प्लेयर

Ganjam में काला जादू और बीमारी ठीक करने के नाम पर ठगी, तांत्रिक Krishna Muni गिरफ्तार

Araria में Operation Prahar के तहत 25 करोड़ रुपये की स्मैक जब्त, 6 तस्कर धरे गए

U19 Asia Cup जीतने पर PM Narendra Modi ने टीम को दी बधाई, युवाओं को मिलेगी प्रेरणा