Jammu के Raghunath Temple में रघुकुल संपदा पांडुलिपि केंद्र और ई-लाइब्रेरी शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को संरक्षित करने एवं बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, बुधवार को यहां ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में दुर्लभ पांडुलिपियों के एक संग्रह और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ न्यास के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि रघुकुल संपदा नामक यह सुविधा श्री महाराजा रणबीर सिंह संस्कृत अनुसंधान संस्थान (एसआरएसआरआई) में स्थापित की गई है।

इसका उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ न्यास के न्यासी अध्यक्ष कर्ण सिंह, और न्यासी विक्रमादित्य सिंह, एम.के. अजातशत्रु सिंह, रणविजय सिंह और मार्तंड सिंह भी मौजूद थे। प्रवक्ता के अनुसार, इस कार्यक्रम में जाने-माने विद्वान, संस्कृत और डोगरी भाषा के विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नागरिक संस्था के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जो भारत की अमूल्य साहित्यिक और विद्वतापूर्ण परंपराओं को सुरक्षित रखने और उन तक लोगों की पहुंच बढ़ाने से संबंधित पहल के महत्व को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि यह समारोह जम्मू के हरि निवास पैलेस स्थित रॉयल ​​रिट्रीट बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय की ‘‘ज्ञान भारतम् पहल’’ के तहत एक स्वतंत्र केंद्र के रूप में स्थापित इस संग्रह का उद्देश्य भारत की अमूल्य पांडुलिपि विरासत को संरक्षित करना, उसे डिजिटल रूप देना और बढ़ावा देना है। इसका मकसद विद्वतापूर्ण शोध को सुगम बनाना और आम जन के लिए पहुंच आसान बनाना भी है।

वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक, शैक्षिक और संस्थागत विकास में डोगरा शासकों, विशेष रूप से महाराजा गुलाब सिंह और महाराजा रणबीर सिंह के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने निरंतर विद्वतापूर्ण अध्ययन और आधुनिक संरक्षण तकनीकों के माध्यम से प्राचीन पांडुलिपियों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जम्मू सीरीज ऑफ टेक्स्ट्स एंड स्टडीज का भी अनावरण किया गया, जिसका उद्देश्य दुर्लभ पांडुलिपियों पर आधारित विद्वतापूर्ण प्रकाशनों को बढ़ावा देना है।

प्रवक्ता ने बताया कि कर्ण सिंह ने अग्रवाल को श्रीमद्भगवद्गीता का 11-खंडों वाला संस्करण (जिसमें 21 टीकाएं शामिल हैं) और तंत्र सीरीज का 14-खंडों वाला संस्करण भेंट किया। ‘तंत्र सीरीज’ को संस्थान ने मोतीलाल बनारसी दास पब्लिशिंग हाउस के सहयोग से तैयार किया है।

प्रमुख खबरें

COP-31 में बिजली हिस्सेदारी प्रस्ताव और Climate Aid पर विकसित देशों से भिड़ा भारत

UP Cabinet ने दी 30 प्रस्तावों को हरी झंडी, IIT Kanpur के नोएडा कैंपस में बनेगा Deep Tech Hub

एससी आरक्षण की मांग पर UP के मंत्री Sanjay Nishad ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया

Himachal Pradesh में किसानों की आय 50 हजार रुपये करने का लक्ष्य: CM Sukhvinder Singh Sukhu