Japan में आए 5.9 तीव्रता के Earthquake से 23 लोग घायल, सुनामी का कोई खतरा नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 23, 2026

जापान के तोक्यो समेत पूर्वी क्षेत्र में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें 23 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

प्रांतीय अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र के चार प्रांतों में कुल 23 लोग घायल हुए। इनमें साइतामा में नौ, कानागावा में नौ, चिबा में चार और इबारकी में एक व्यक्ति शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि जिस समय भूकंप आया, लोग सो रहे थे और अचानक आए तेज झटकों से घबराकर जागने के दौरान वे फर्श पर गिर पड़े या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए।

‘ईस्ट जापान रेलवे कंपनी’ ने बताया कि भूकंप के कारण तोक्यो और नरीता हवाई अड्डे को जोड़ने वाली एक्सप्रेस रेल सेवाओं तथा उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों की अन्य लोकल रेल सेवाओं के संचालन में देरी हुई। हालांकि, शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए एक कार्यबल का गठन किया है।

भूकंप के दौरान मोबाइल फोन पर आपातकालीन चेतावनी बजने लगी और तोक्यो में भी तेज झटके महसूस किए गए। ‘तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी’ (तेपको) के अनुसार, भूकंप के कारण तोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। हालांकि, रविवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

जापान के परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि करीब 12 परमाणु ऊर्जा संयंत्रों तथा परमाणु सामग्री के प्रबंधन वाले अन्य केंद्रों से किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। पिछले महीने जापान के द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी और 364 लोग घायल हुए थे। भूकंप से 1,500 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं और करीब 20,000 अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा था।

प्रमुख खबरें

Bhupendra Patel ने New York में उद्योग जगत से की मुलाकात, Gujarat में निवेश पर चर्चा

CM Bhupendra Patel ने New York में निवेशकों से की मुलाकात, व्यापार बढ़ाने पर हुई चर्चा

Saira Banu Birthday: Dilip Kumar संग बेमिसाल मोहब्बत और सुपरहिट फिल्मों का सफर, जानें सायरा बानो की अनसुनी दास्तां

Revanth Reddy के US दौरे को केंद्र ने नहीं दी मंजूरी, IOC ने जताई निराशा