By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को घोषणा की कि जय शाह को दो साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से निर्विरोध चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आईसीसी ने कहा कि इससे ‘‘खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता’’ सुनिश्चित होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव रह चुके 38 वर्षीय शाह ने दिसंबर 2024 में आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला था।
उन्हें यहां रविवार को संपन्न हुई वैश्विक संस्था की बोर्ड बैठकों के दौरान दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया गया। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के विश्वास को दर्शाता है और खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता सुनिश्चित करता है। वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और व्यावसायिक विकास हमारी रणनीतिक योजना के प्रमुख केंद्र में हैं।’’ क्रिकेट 2028 में लॉस एंजिलिस खेलों के जरिए ओलंपिक में वापसी की तैयारी भी कर रहा है।
शाह ने आईसीसी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर भरोसे और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आईसीसी अध्यक्ष के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हूं।’’