By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को इस संभावना से इनकार किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग को राष्ट्रपति से क्षमादान की जरूरत पड़ सकती है। वेंस ने पत्रकारों से कहा कि न्याय विभाग के अधिकारियों और ‘‘हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र के कई अधिकारियों’’ ने पुष्टि की है कि हुआंग ‘‘किसी भी जांच के दायरे में नहीं हैं।’’ उपराष्ट्रपति ने यह टिप्पणी ओहायो के राइट-पैटरसन एयर फोर्स बेस पर सैनिकों के साथ ‘थैंक्सगिविंग’ की पूर्व संध्या पर भोजन करने के बाद की। एनवीडिया के सीईओ ने इस महीने की शुरुआत में विवाहेतर संबंधों की बात स्वीकार करने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इनमें एक ऐसी महिला के साथ संबंध भी शामिल था, जिस पर चीनी जासूस होने का संदेह है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आग्रह पर 11 दिन बाद उन्हें फिर से पद पर बहाल कर दिया गया। वेंस ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उन्हें बिल्कुल भी क्षमादान की जरूरत है।
मैंने ऐसा कोई सबूत नहीं देखा है कि उन्होंने कोई अपराध किया हो और अगर उनके खिलाफ अपराध करने का सबूत है, तो उन पर मुकदमा चलाने का फैसला संबंधित अधिकारियों को करना है।’’ वेंस की यह टिप्पणी मंगलवार को ट्रंप के ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ से यह कहने के बाद आई कि हुआंग को क्षमादान देना ‘‘हमेशा एक विकल्प है’’, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी। ट्रंप ने समाचार पत्र से यह भी कहा कि वह नहीं चाहते कि हुआंग अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन के तहत अपने अधिकार का इस्तेमाल करें। इस अधिकार के तहत कोई व्यक्ति खुद को अपराध में फंसाने वाले बयान देने से बच सकता है।
हुआंग के सांसदों के सामने पेश होने पर संभावित आपराधिक मुकदमे के संदर्भ में यह मुद्दा उठ सकता है। अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन का सहारा लेने का मतलब है कि कोई व्यक्ति ऐसे सवालों का जवाब देने या बयान के रूप में सबूत देने से इनकार कर सकता है, जिनसे उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाए जाने का खतरा हो। हुआंग को एक दिसंबर को तीन समितियों के समक्ष बंद कमरे में पेश होना है।
इनमें प्रतिनिधि सभा की खुफिया और विदेश मामलों की समितियां तथा चीन पर बनी विशेष समिति शामिल हैं। इसके बाद तीन दिसंबर को हुआंग के सीनेट की बैंकिंग समिति की सार्वजनिक सुनवाई में पेश होने की उम्मीद है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने खबर दी है कि ट्रंप को पहले ही एनवीडिया के सीईओ के सिंगापुर स्थित कंपनी ‘मेगास्पीड’ की कार्यकारी अधिकारी एलिस हुआंग के साथ संबंधों को लेकर खुफिया चिंताओं के बारे में जानकारी दी गई थी।
अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि वह चीन के सुरक्षा मंत्रालय के साथ काम कर रही थीं। बीजिंग ने इन आरोपों से इनकार किया है। वेंस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम किसी को जनमत की अदालत में दोषी नहीं ठहराते।
हम न्यूयॉर्क टाइम्स में अनाम स्रोतों के आधार पर किसी पर मुकदमा नहीं चलाते। हम सबूतों के आधार पर मुकदमा चलाते हैं।’’ इस बीच, ट्रंप ने एनवीडिया के बोर्ड पर हुआंग को फिर से पद पर बहाल करने के लिए दबाव डालने का श्रेय लिया है। उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन ने कंपनी के अधिकारियों को आश्वासन दिया था कि हुआंग से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।