By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया और इस दौरान 80 से अधिक मकानों एवं दुकानों के अवैध निर्माण हटाए गए, जिसका स्थानीय व्यापारियों एवं निवासियों ने विरोध किया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि करीब 800 मीटर लंबे सड़क मार्ग पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस की मौजूदगी में जेडीए की टीमों ने 100 फीट चौड़ी सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले रैंप, रेलिंग, टिनशेड, सीढ़ियां, चारदीवारी और इमारतों के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान एक तीन मंजिला मकान के सामने परिवार के सदस्य खड़े हो गए और तोड़फोड़ रोकने की कोशिश की। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं रो पड़ीं।
एक महिला ने कहा कि परिवार ने जीवनभर की कमाई लगाकर मकान बनाया था। व्यापारियों ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा के मौके पर नहीं पहुंचने पर भी नाराजगी जताई।
जेडीए के प्रवर्तन उपायुक्त इस्माइल खान ने बताया कि सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच न्यू सांगानेर रोड की निर्धारित 100 फीट चौड़ाई बहाल करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। दूसरे चरण में करीब 70 से 80 अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर भी अवैध निर्माण हटा लिए हैं।
इससे पहले पिछले महीने अभियान के पहले चरण में गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार के बीच करीब 700 मीटर सड़क पर 50 मकानों और दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया था।