झारखंड: आजसू पार्टी ने डुमरी उपचुनाव के लिए यशोदा देवी को प्रत्याशी घोषित किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 13, 2023

आजसू पार्टी ने झारखंड में पांच सितंबर को डुमरी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में यशोदा देवी को रविवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। ‘ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन’ (आजसू)पार्टी के प्रवक्त देव शरण भगत ने यहां प्रेसवार्ता में बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करके उनकी पार्टी यह उपचुनाव लड़ रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को यहां पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में इस सीट से यशोदा देवी को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा , ‘‘यशोदा देवी 17 अगस्त को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। राजग डुमरी विधानसभा सीट जीतकर रामगढ़ उपचुनाव के इतिहास को दोहराएगा।’’

भगत ने बताया कि आज ही इससे पहले आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के झारखंड मामलों के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी से भेंट की तथा उनके साथ डुमरी उपचुनाव पर चर्चा की। डुमरी विधानसभा क्षेत्र में पांच सितंबर को उपचुनाव होगा तथा आठ सितंबर को मतों की गिनती होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अगस्त है। झारखंड के सत्तारूढ़ गठबंधन ने पूर्व शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो की विधवा बेबी देवी को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रत्याशी के रूप में इस उपचुनाव में उतारा है।

वह भी 17 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। जगन्नाथ महतो के निधन के बाद इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। लंबी बीमारी के बाद इस साल छह अप्रैल को चेन्नई स्थित एक अस्पताल में जगन्नाथ महतो का निधन हो गया था। झारखंड में 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो प्रत्याशी के रूप में जगन्नाथ महतो ने आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को 34,288 मतों के अंतर से हराया था।

प्रमुख खबरें

140 करोड़ लोगों की दोस्ती का संदेश लाया हूं...इथियोपिया की संसद में PM मोदी का संबोधन

अलाउद्दीन खिलजी से हमजा तक... धुरंधर रणवीर सिंह का बॉलीवुड में गिरगिट जैसा सफर

National Herald case: विपक्षी सांसदों ने किया संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन, लगाए सत्यमेव जयते के नारे

मुस्लिम मुल्कों में खुद पहुंचे मोदी, यहूदी राष्ट्र में जय को भेजा, मीडिल ईस्ट के दौरे की टाइमिंग बता रही है, कुछ बड़ा गेम कर रहा भारत