जमशेदपुर में बेटी की हत्या के आरोप में माता-पिता गिरफ्तार, मोबाइल देखने और Reel बनाने से थे नाराज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक आदिवासी दंपति को मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल और रील बनाने को लेकर अपनी 14 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने रवींद्र मुर्मू और उसकी पत्नी सुमनी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया।

इससे करीब दो सप्ताह पहले 13 नवंबर को कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में एक निर्जन खदान से उनकी बेटी का शव बरामद किया गया था। अधिकारी ने बताया कि कनकलता मुर्मू की कथित तौर पर 10 नवंबर को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उसके माता-पिता ने शव को निर्जन खदान में फेंक दिया था। आरोपी दंपति ने कथित तौर पर आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली अपनी बेटी के लापता होने का दावा कर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।

घटना का खुलासा 13 नवंबर को शव बरामद होने के बाद हुआ। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी थी। ग्रामीणों ने अपनी मांगों के समर्थन में अगले दिन भी सड़क जाम की थी।

अधिकारी ने बताया कि शव बरामद होने के बाद दंपति के संदिग्ध व्यवहार से पुलिस को उन पर शक हुआ था, लेकिन ठोस सबूतों के अभाव में जांचकर्ता उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सके थे। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने गहन जांच की और सबूत जुटाए। तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचनाओं की मदद से हमें महत्वपूर्ण सुराग मिले।’’ इसके बाद दंपति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया।

कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि दंपति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। हत्या के कारण के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने बताया कि माता-पिता को अपनी बेटी के मोबाइल फोन पर समय बिताने और रील बनाने पर आपत्ति थी। उन्होंने कथित तौर पर बेटी की डंडे से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

प्रमुख खबरें

Deepathoon पर 28 नवंबर को जलेगा दीप, Supreme Court ने CRPF को सौंपी सुरक्षा की जिम्मेदारी

TMC बागी Ritabrata Banerjee को झटका, High Court ने LoP और चीफ व्हिप की नियुक्ति रद्द की

शादी के 13 साल बाद फिर दूल्हा-दुल्हन बनेंगे Arjun Bijlani और Neha Swami, इस दिन लेंगे दोबारा सात फेरे

Bihar में किसानों की आय बढ़ाने के लिए Krishi Road Map और Organic Farming को मिलेगी गति