By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026
झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की नाबालिग घरेलू सहायिका पर उनके खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी दिलीप तिर्की को रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में जोन्हा जलप्रपात के पास एक जंगल से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले के सिलसिले में पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। सिमडेगा जिले की निवासी नाबालिग घरेलू सहायिका ने आरोप लगाया था कि बाड़ा ने पांच अगस्त को रांची स्थित अपने सरकारी आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। उसने यह भी दावा किया था कि बाद में चिकित्सकीय जांच से पता चला कि उसका गर्भपात हो गया है।
पुलिस ने 13 नवंबर को रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। उसी दिन बाद में, लड़की के दादा की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दोनों ने लड़की का अपहरण किया और उस पर विधायक के खिलाफ झूठा बयान देने का दबाव डाला।
सिंह ने बताया कि लड़की के दादा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाने में तिर्की और एक कंटेंट क्रिएटर अभिषेक भारती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने कहा कि भारती की तलाश जारी है। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने विधायक के खिलाफ लगे आरोपों पर झारखंड सरकार से रिपोर्ट मांगी है।