By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 16, 2026
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ़ विरोध कर रहे छात्रों ने घोषणा की है कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 ज़िलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाएंगे। उनका आरोप है कि सत्ताधारी झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ‘‘ठोस कार्रवाई करने में नाकाम’’ रहा है। ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के तहत जारी विरोध प्रदर्शन का रविवार को 23वां दिन है।
हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारे लगाए। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ‘‘हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। हम उनके इस्तीफ़े की मांग करते हैं क्योंकि झामुमो और कांग्रेस, दोनों ही हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं।
हमारी यह भी मांग है कि अगर मुख्यमंत्री राहुल गांधी की बात नहीं सुन रहे हैं, तो उन्हें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।’’ प्रदर्शनकारियों ने पूरे झारखंड के छात्रों से अपील की कि वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के प्रस्तावित घेराव के लिए रांची में एकत्र हों। उन्होंने गांधी को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन करने की बात तो कही, लेकिन उसके बाद ‘‘कोई ठोस कदम’’ नहीं उठाया गया।