By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 09, 2021
नयी दिल्ली। जापान की अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जीका) ने भारत के साथ 30 अरब जापानी येन (करीब 2,069 करोड़ रुपये) की आधिकारिक विकास सहायता (ओडीए) उपलब्ध कराने के लिये एक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। यह रिण सहायता भारत को सामाजिक संरक्षण के लिये कोविड- 19 संकट में प्रतिक्रिया समर्थन रिण के तौर पर उपलब्ध कराई जा रही है। जीका ने एक वक्तव्य में यह जानकारी दी है। जापान के भारत में राजदूत सुजुकी सतोशी और वित्त मंत्रालय में आथिर्क मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव सी एस महापात्रा ने इस संबंध में यहां दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। यह कोविड-19 से निपटने के लिये किये जाने वाले उपायों के तहत येन रिण के प्रावधान के तहत किया गया। इसमें कुल मिलाकर 50 अरब येन तक का प्रावधान है।