Jio-Bank of Baroda की बड़ी डील, अब Feature Phone यूजर्स भी कर सकेंगे UPI पेमेंट और बैंकिंग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 14, 2026

रिलायंस जियो ने डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयास के तहत सोमवार को बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) के साथ साझेदारी की घोषणा की। इससे कोई भी व्यक्ति कंपनी के फीचर फोन से उसके मोबाइल बैंकिंग एप्लिकेशन का उपयोग कर सकेगा। बीओबी और जियो के संयुक्त बयान के अनुसार, इसके तहत फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ मोबाइल बैंकिंग ऐप पेश किया गया है।

बयान में दावा किया गया है कि यह अपनी तरह की पहली सेवा है। यह साझेदारी सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के समावेश को बढ़ावा देने और फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल भुगतान को सुलभ बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस साझेदारी के तहत ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ ऐप जियोफोन प्राइमा 4जी में पहले से ‘इंस्टॉल’ होगा और उपयोगकर्ता इसे सीधे होम स्क्रीन से इस्तेमाल कर सकेंगे। मौजूदा जियोफोन उपयोगकर्ता इसे ‘जियोस्टोर’ से डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों के साथ-साथ अन्य बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगा, जहां वे आसान प्रक्रिया से खुद पंजीकरण कर सकते हैं।

बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी देबदत्त चंद ने कहा, ‘‘भारत में फीचर फोन उपयोगकर्ताओं की एक बड़ी और बढ़ती संख्या को देखते हुए, यह पहल सरल और सुरक्षित बैंकिंग सुविधा प्रदान करती है। साथ ही डिजिटल विभाजन को पाटने में मदद करती है।’’ रिलायंस जियो इन्फोकॉम लि. के अध्यक्ष सुनील दत्त ने कहा, ‘‘जियो का ध्यान हमेशा सस्ती और बड़े स्तर पर डिजिटल सेवाएं हर भारतीय तक पहुंचाने पर रहा है।

जियोफोन इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ यह साझेदारी उसी सफर का अगला कदम है, जिससे देशभर में लाखों उपयोगकर्ताओं को आसान और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सुविधा मिलेगी।’’ कंपनी के अनुसार जियो के डिजिटल नेटवर्क और बैंक ऑफ बड़ौदा के व्यापक ग्राहक आधार के साथ यह पहल देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग की पहुंच को और बढ़ाएगी।

प्रमुख खबरें

मजबूत आवास मांग से महिंद्रा लाइफस्पेस की बिक्री बुकिंग दोगुनी से अधिक होकर 925 करोड़ रुपये पहुंची

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप: खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी भारतीय पुरुष टीम

नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने के लिए दिल्ली पुलिस को आधिकारिक आदेश का इंतजार

असम के कछार जिले में फैक्टरी में सिलेंडर विस्फोट, चार श्रमिकों की मौत