Joshimath के पास निजी Helicopter क्रैश, 5 श्रद्धालुओं और पायलट समेत छह की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ से छह लोगों को लेकर देहरादून लौट रहे एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर के जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार पायलट और कर्नाटक के सभी पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी तलाशी अभियान के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि सभी टीमें घटनास्थल पर अभियान में जुटी हैं और सभी शवों को दुर्गम घटनास्थल से सड़क मार्ग तक लाने का काम जारी है। मृतकों की पहचान दिल्ली के पायलट कैप्टन हिमांशु (48) व कर्नाटक के प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वी. बी. शंकर गौड़ा (39), सुधीर. के (50) तथा एच. एस. नटराजा (51) के रूप में हुई है।

उनके संबंध में और जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पंवार ने बताया कि हादसे के बाद से सभी टीम समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चला रही हैं। इससे पहले, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया था कि एहतियातन ट्रांस भारत कंपनी के हेलीकॉप्टरों के पूरे बेड़े को उड़ान भरने से रोक दिया गया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जोशीमठ के निकट चाईं गांव में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं।

प्रमुख खबरें

Miyapur Land: Supreme Court का फैसला KCR और BRS के मुंह पर तमाचा, बोले Revanth Reddy

Bank of Baroda का Q2 Net Profit 36 प्रतिशत बढ़ा, 6,532 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बनाया

Delhi High Court के फैसलों और IP डिवीजन की वैश्विक ख्याति, CJI Surya Kant ने सराहा

Priyank Kharge ने JD(S) नेता कुमारस्वामी पर साधा निशाना, बताया राजनीतिक अवसरवाद