जेपी मॉर्गन का अनुमान, अगले साल के अंत तक Nifty 50 पहुंचेगा 29,000 अंक पर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

अमेरिकी ब्रोकरेज कंपनी जेपी मॉर्गन को उम्मीद है कि भारतीय शेयर बाजार का प्रमुख मानक सूचकांक निफ्टी-50 अगले साल के अंत तक 12 प्रतिशत उछलकर 29,000 अंक पर पहुंच जाएगा। बृहस्पतिवार को जारी एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया। इसके साथ ही ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) दिसंबर, फरवरी और अप्रैल की अपनी मौद्रिक नीति समीक्षाओं में रेपो दर में 0.25-0.25 प्रतिशत की तीन और बढ़ोतरी कर सकता है।

जेपी मॉर्गन ने कहा कि कंपनियों की बेहतर होती लाभप्रदता, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, उपभोक्ता मांग में मजबूती, घरेलू ऋण वृद्धि और निजी क्षेत्र के पूंजीगत व्यय में विस्तार से वर्ष 2027 में भारतीय शेयर बाजार को समर्थन मिलेगा। ब्रोकरेज कंपनी को उम्मीद है कि एमएससीआई इंडिया सूचकांक में शामिल भारतीय कंपनियों की आय 2026 में 12 प्रतिशत और 2027 में 14 प्रतिशत बढ़ेगी। इस सूचकांक को अमेरिकी वित्तीय कंपनी मॉर्गन स्टेनली कैपिटल इंटरनेशनल (एमएससीआई) तैयार करती है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की कम कीमतें और रुपये में मजबूती आयात लागत घटाने, कंपनियों का लाभ मार्जिन बढ़ाने और उनकी आय को समर्थन देने में मदद कर सकती हैं। निजी क्षेत्र का पूंजीगत व्यय भी व्यापक हो रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में सूचीबद्ध कंपनियों का पूंजीगत खर्च 25 प्रतिशत बढ़ा है।

इसमें छोटी कंपनियों और नीतिगत समर्थन वाले क्षेत्रों की प्रमुख भूमिका रही है। जेपी मॉर्गन ने कहा, आठवें वेतन आयोग के लागू होने से वित्त वर्ष 2028-29 तक करीब 1.2 करोड़ सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के हाथों में 7.2 लाख करोड़ रुपये पहुंच सकते हैं। इससे खपत को समर्थन मिलेगा।

कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च और प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग भी घरेलू खपत को मजबूती देगी। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आकार 2029-30 तक सकल मूल्यवर्धन (जीवीए) में 20 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इससे कृषि और विनिर्माण दोनों क्षेत्रों को लाभ होगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) से 14 अरब डॉलर से अधिक का निवेश हासिल कर चुके भारतीय शेयर बाजारों में 100 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश आ सकता है। लेकिन ऐसा तभी होगा, जब विदेशी दीर्घकालिक निवेशक भारतीय शेयरों में अपना निवेश बढ़ाकर संबंधित सूचकांकों में भारत के निर्धारित भारांश के बराबर कर दें। जेपी मॉर्गन ने आगाह किया कि शेयरों का ऊंचा मूल्यांकन, घरेलू नीतिगत चुनौतियां और वैश्विक अनिश्चितताएं बाजार की तेजी को सीमित कर सकती हैं।

उसने वित्तीय सेवाओं, औद्योगिक और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों के शेयरों पर अधिक भरोसा जताया है, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र को लेकर उसका रुख सतर्क है। सोच-विचारकर खर्च किए जाने वाले उपभोक्ता क्षेत्र के शेयरों पर भी उसका रुख सकारात्मक है। ब्रोकरेज कंपनी ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित बाजारों से अलग भारत उन निवेशकों के लिए सुरक्षित निवेश विकल्प बन सकता है, जो एआई क्षेत्र में अत्यधिक निवेश से अपना जोखिम घटाना चाहते हैं।

प्रमुख खबरें

Parliament की बैठकें फिर बुलाई गईं, महिला आरक्षण और परिसीमन संशोधन विधेयक लाने की तैयारी

साइप्रस लेगा भारत से ब्रह्मोस, बौखलाए तुर्किए ने UN को लिखी चिट्ठी

10 किमी दूर से Drone मार गिराएगा Bhargavastra, Pokhran में हुआ सफल ट्रायल

Bihar में Milk Production को रफ्तार, प्रतिदिन 1 करोड़ लीटर Dairy उत्पादन का लक्ष्य