जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाला, अधिकारियों से 100 दिन के एजेंडे पर ध्यान देने को कहा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 11, 2024

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद सोमवार को नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी आवंटित किया गया। पिछली मोदी सरकार में दोनों मंत्रालयों का कार्यभार मनसुख मांडविया के पास था। नड्डा ने कार्यभार संभालने के बाद स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव के साथ स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। 

हालांकि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए उनके कार्यकाल में छह महीने का विस्तार दिया गया था। भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है। नड्डा (63) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह 1991 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष बने। नड्डा के पास कानून की डिग्री है। उन्होंने भाजपा में कई प्रमुख पदों पर काम किया और कई राज्यों में पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व भी किया। 

नड्डा ने अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकारों में मंत्री के रूप में भी काम किया। वह वर्ष 2012 में राज्यसभा के लिए चुने गए और 2014 में अमित शाह के पार्टी अध्यक्ष बनने पर उन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया। इस बीच, शिवसेना सांसद प्रतापराव जाधव ने स्वास्थ्य राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उन्हें आयुष मंत्रालय भी (स्वतंत्र प्रभार) आवंटित किया गया है। 64 वर्षीय जाधव ने महाराष्ट्र के बुलढाणा लोकसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार की जेल में आत्महत्या की कोशिश करने वाले चीनी नागरिक की मौत

अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ने भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। उन्हें रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री भी नियुक्त किया गया है। पटेल (43) ने 2016 से 2019 तक स्वास्थ्य राज्य मंत्री और 2021 से मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था। लोकसभा चुनाव 2024 में पटेल ने उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी के रमेश चंद बिंद को 37,810 मतों के अंतर से हराया था।

प्रमुख खबरें

Himanta Biswa Sarma ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना, नंदीग्राम उम्मीदवार की गिरफ्तारी को बताया पुलिस का कर्तव्य

Agar Malwa Road Accident: PM Narendra Modi ने जताया दुख, PMNRF से मुआवजे का किया ऐलान

DUSU Election में फर्जी वोटिंग का आरोप, NSUI प्रत्याशी कोर्ट का रुख करेंगे

Stubble Burning पर Bhagwant Mann बोले किसानों पर FIR नहीं, मिले नकद प्रोत्साहन