By एकता | Sep 29, 2026
मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी रिचा चंदेल ने एक बेटे को जन्म दिया है। जुबिन और रिचा गणेश चतुर्थी के खास मौके पर माता-पिता बने। सिंगर ने एक इंटरव्यू के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बेटा दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं।
इसी दौरान जुबिन से उनके बेटे के नाम के बारे में भी पूछा गया। सिंगर ने बताया कि उन्होंने अभी तक बेटे का नाम तय नहीं किया है।
जुबिन ने कहा, “अभी तक हमने अपने बेटे का कोई भी नाम नहीं सोचा है। अभी हम उसके साथ खूबसूरत पलों का आनंद ले रहे हैं।” जुबिन के पिता बनने की खबर सामने आने के बाद फैंस उन्हें और रिचा को जमकर बधाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी कपल को लेकर फैंस की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
जुबिन नौटियाल ने अपनी बचपन की दोस्त रिचा चंदेल से उत्तराखंड में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। इस शादी में परिवार के लोगों के अलावा कुछ करीबी दोस्त शामिल हुए थे।
जुबिन अपनी पर्सनल लाइफ को सोशल मीडिया से दूर रखना पसंद करते हैं। उन्होंने रिचा के साथ एक तस्वीर जरूर शेयर की थी, लेकिन उसमें उनकी पत्नी का चेहरा नजर नहीं आया था। यही वजह है कि आज तक फैंस ने जुबिन की पत्नी का चेहरा नहीं देखा है।