By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन ने उस जनहित याचिका की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया, जिसमें तमिलनाडु के पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी से जुड़े कथित तौर पर करोड़ों रुपये के ‘‘मंजूरी के बदले नकदी’’ प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने का अनुरोध किया गया था। यह प्रकरण द्रमुक शासनकाल के दौरान का बताया जा रहा है। वकील के. वेंकटचलपति द्वारा दायर याचिका जब मुख्य न्यायाधीश एस. ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की प्रथम पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए आई, तो न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन ने बिना कोई कारण बताए खुद को मामले से अलग कर लिया।
मुख्य न्यायाधीश धर्माधिकारी एक प्रशासनिक आदेश जारी करेंगे, ताकि इस मामले को किसी दूसरी खंडपीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जा सके। अपनी याचिका में, वेंकटचलपति ने सीबीआई निदेशक और संयुक्त निदेशक को यह निर्देश देने की मांग की है कि वे तमिलनाडु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा से जांच अपने हाथ में ले लें। इस याचिका में निजी स्कूलों के प्रबंधन से मान्यता, नवीनीकरण, उन्नयन, भवन निर्माण की मंजूरी और अन्य अनुमतियां देने के बदले कथित तौर पर पैसे वसूलने के मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की गई है।