Junior Asia Cup: Japan के खिलाफ Anmol Ekka के गोल से India ने 3-3 से खेला Draw

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 06, 2026

 भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को यहां जूनियर एशिया कप के पूल ए के अपने दूसरे मुकाबले में शानदार जुझारूपन दिखाते हुए जापान के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला। इंडोनेशिया के खिलाफ पहले पूल मैच में 14-0 की बड़ी जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम ने चौथे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए बढ़त हासिल की। फाउल के बाद मिले इस मौके को कप्तान अनमोल एक्का ने गोल में बदलकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

हाफटाइम तक भारत 2-1 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में भी यही सिलसिला जारी रहा। दोनों टीमें नियंत्रण हासिल करने के लिए संघर्ष करती रहीं। जापान ने कुछ अच्छे मौके बनाए और पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, लेकिन उसे गोल में नहीं बदल सका। भारतीय डिफेंस ने अपनी मामूली बढ़त बरकरार रखी। अंतिम क्वार्टर में जापान ने बराबरी के लिए दबाव बढ़ा दिया। उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला और दोबारा दिए गए पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान काजुकी नाकानिशी ने 48वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

जापान ने मैच के आखिरी पांच मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। भारत ने शुरुआती प्रयास का अच्छी तरह बचाव किया, लेकिन गेंद गोल पोस्ट से दूर नहीं कर सका, जिससे जापान को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। इस बार जापान का फ्लिक निशाने से बाहर चला गया। जापान ने इसके बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया।

नाकानिशी ने 59वें मिनट में फिर गोल करते हुए जापान को 3-2 की बढ़त दिला दी। बराबरी की तलाश में भारत ने गोलकीपर को बाहर कर अतिरिक्त खिलाड़ी उतारा। उसकी कोशिशों का फल मिला और मैच में सिर्फ 59 सेकंड बाकी रहते भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। अनमोल एक बार फिर आगे आए और इस मौके को गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया। भारत अब पूल ए के अपने तीसरे मुकाबले में मंगलवार को कोरिया का सामना करेगा।

प्रमुख खबरें

आप अपनी ज़िम्मेदारी से बच नहीं सकते: Satya Niketan PG हादसे पर HC की कड़ी फटकार

Jammu Kashmir के मेडिकल इंटर्न्स ने शुरू की 48 घंटे की Hunger Strike

Moscow में यूपी के इंजीनियर को हिरासत में लिया गया, रूसी सेना में जबरन भर्ती की आशंका, रोती-बिलखती पत्नी ने PM मोदी से मांगी मदद

Delhi Mosquito Surge: मानसून में बढ़ रहा Dengue और Malaria का Threat, जानें कब हों Hospitalized