Jyotiraditya Scindia ने पेश किया Dak Seva App, घर बैठे मिलेंगी डाक विभाग की सुविधाएं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 25, 2026

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि डाक विभाग का ‘डाक सेवा’ ऐप उपभोक्ताओं को घर बैठे स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग, मनीऑर्डर समेत डाक विभाग की विभिन्न सेवाएं लेने की सुविधा देगा। सिंधिया ने ऐप की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा कि परीक्षण के दौरान इसे 10 लाख से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है और इसकी सेवाएं पूरे देश में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे ग्राहक घर या कार्यालय में बैठे सिर्फ एक क्लिक के जरिये डाक विभाग की सभी सेवाएं डाक सेवा ऐप पर बुक कर सकेंगे।

संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि ग्राहक अपने घर तक सेवाएं चाहते हैं, कारोबारी भरोसेमंद लॉजिस्टिक व्यवस्था चाहते हैं और भारतीय डाक के कर्मचारियों को भी ऐसे प्रभावी साधनों की जरूरत है, जिससे वे अधिक दक्षता से लोगों की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा, ‘‘डाक विभाग को इन सभी जरूरतों के अनुरूप खुद को बदलना होगा। पिछले कुछ दशकों में युवा भारतीयों की एक पीढ़ी के बीच डाक विभाग की प्रासंगिकता धीरे-धीरे कम हुई है।

पार्सल भेजने के लिए लोग अक्सर दूसरे विकल्प तलाशने लगे और बीमा या वित्तीय सेवाओं के लिए निजी डिजिटल माध्यमों का रुख करने लगे। हालांकि, भारतीय डाक की पहुंच, किफायती सेवाएं और पीढ़ियों से कायम भरोसा ऐसी खूबियां हैं, जिनकी बराबरी बहुत कम संस्थान कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि डाक विभाग चार क्षेत्रों...प्रौद्योगिकी को उन्नत कर, नीति रूपरेखा में बदलाव, संगठनात्मक संस्कृति में बदलाव और भौतिक बुनियादी ढांचे में सुधार....में बदलाव के जरिये खुद को बदल सकता है। डाक विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सिंधिया ने ‘डाक मित्र’ ऐप भी पेश किया और 14 नवीनीकृत डाकघरों का उद्घाटन किया।

पेम्मासानी ने कहा कि जिस तरह डाक सेवा ऐप नागरिकों को सशक्त बनाता है, उसी तरह डाक मित्र ऐप भारतीय डाक के कर्मचारियों को सशक्त बनाता है। मई, 2025 में ऐप के पहले संस्करण की शुरुआत के बाद से डाक मित्र ऐप 1.4 लाख शाखा डाकघरों में काम कर रहा है। इसने 2.45 करोड़ घरेलू स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग में मदद की है और 15.09 करोड़ डाक वस्तुओं की डिलीवरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस पहल से 1,102 करोड़ रुपये का नया प्रीमियम संग्रह हुआ है, जबकि कुल प्रीमियम संग्रह 5,431 करोड़ रुपये रहा है।

प्रमुख खबरें

Adani Enterprises और Jabil Inc ने Data Center उपकरणों के लिए 50:50 साझेदारी का प्रस्ताव दिया

Rishabh Pant चोट के कारण India A के शुरुआती दो Test मैचों से बाहर

Formula 1 की अफ्रीका में 33 साल बाद वापसी, Rwanda में होगा African Grand Prix

FIFA की पारदर्शिता पर सवाल, Gianni Infantino को वर्ल्ड कप संस्था से मिले 1.72 मिलियन डॉलर