By अंकित सिंह | Sep 02, 2023
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति तेज होती दिखाई दे रही है। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला रहा है। इस बार भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा निशाना साधा है। कांग्रेस कांग्रेस के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान की घोषनाओं की मशीन आजकल डबल स्पीड पर चल रही है क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के जम आशिर्वाद यात्रा पर भी तंज कसा। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा जन माफी यात्रा निकालनी चाहिए। ये यात्राओं से जनता उनका मजाक उड़ा रही है। जिनको माफी मांगनी चाहिए वो आज आशीर्वाद मांग रहे हैं।
कमलनाथ ने भाजपा का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ये है भाजपा का आज उजागर हुआ असली रिपोर्ट कार्ड: ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में कोलारस विधायक जी के इस्तीफ़े के कारणः 1. भाजपा में जारी ‘महल का क़हर’ 2. अखंड भ्रष्टाचार की राशि को ‘प्रसाद-नेग’ बताते हुए, उसकी सरेआम मंच पर ही बेशर्म माँग 3. जोड़-तोड़ की सरकार बनाने के बाद मप्र में मची त्राहि-त्राहि 4. भ्रष्टाचार के साथ भाजपाई मंत्रियों के अन्य ऐब… इस रिपोर्ट कार्ड के बाद भाजपाइयों को कुछ और सफ़ाई देनी है क्या? जनता तो भाजपा सरकार का 18 साल का हिसाब किताब करने को तैयार बैठी है, हिसाब दिवस भर तय होने का इंतजार है।