कमलनाथ बोले- कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वालों को मैं अपनी कार भेजूंगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 19, 2022

देश के विभिन्न भागों में नेताओं के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को कहा कि कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में जाने वालों को वह अपनी कार में भिजवाएंगे क्योंकि उन्हें खुशामद में विश्वास नहीं है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘आप क्या समझ रहे हैं कि कांग्रेस खत्म हो गई। अभी तो पूछ रहे थे कि कोई लोग (कांग्रेस छोड़ भाजपा में) जाना चाह रहे हैं। मैंने तो कहा कि बिल्कुल जाएं। जिसको जाना है वो जाएं। हम किसी को रोकना नहीं चाहते हैं।’’

उन्होंने फिर कहा,‘‘अगर वो (कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी) जाना चाहते हैं, अपना भविष्य सोचते हैं और विचार भाजपा से मिलते हैं, तो मैं उनको अपनी मोटर (कार) दूंगा, जाइये मेरी कार में जाइये।’’ कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैं किसी की खुशामद में विश्वास नहीं करता।’’ उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस में काम कर रहे हैं, वे पार्टी के प्रति निष्ठा से काम कर रहे हैं और पार्टी की ओर से उन पर कोई दबाव नहीं है। मालूम हो कि दो दिन पहले ही मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक और कमलनाथ के करीबी अरुणोदय चौबे ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है।

इस पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा चौबे पर दबाने का प्रयास कई महीने से चल रहा था। लगातार उनके बयान भी सामने आ रहे थे। चौबे के खिलाफ कई मामले दायर कर दिये गए थे। कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज हमारे लोगों पर झूठे मामले लगाए जा रहे हैं। दबाव-प्रभाव की राजनीति की जा रही है। दबाव- भाव से आप किसी का भी दिल, दिमाग और आत्मा नहीं खरीद सकते हैं।

प्रमुख खबरें

Mandi के लिए पारिस्थितिकी-पर्यटन को बढ़ावा देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : Vikramaditya Singh

Rajasthan: पुलिस ने ट्रक से 3.50 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया, चालक गिरफ्तार

BJP सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, 40 फीसदी तक कमीशन लिया जा रहा : Digvijay Singh

Pune luxury car हादसा : आरोपी नाबालिग के पिता और बार के खिलाफ होगा मामला दर्ज