कमलनाथ बोले- राहुल की यात्रा राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर इसमें शामिल होने का दबाव नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 09, 2022

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का मार्ग किसी स्थान पर पार्टी की राजनीतिक कमजोरी या मजबूती ध्यान में रखकर तय नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर में खत्म होने वाली 3,570 किलोमीटर लम्बी यात्रा का मकसद अपने नाम के मुताबिक देश जोड़ना है। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने यात्रा की तैयारियों को लेकर इंदौर में पार्टी की बड़ी बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने बताया कि फिलहाल महाराष्ट्र से गुजर रही यह यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। कमलनाथ ने बताया कि यह यात्रा मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से के मालवा-निमाड़ अंचल के अलग-अलग जिलों में 13 दिन तक फासला तय करने के बाद राजस्थान में दाखिल होगी। कमलनाथ ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में इस यात्रा में हर रोज एक लाख लोग शामिल होंगे।

उन्होंने हालांकि कहा,‘‘इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होने के लिए किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता पर हमारी ओर से कोई दबाव नहीं है, न ही उसे हमने इस यात्रा से जुड़ने का कोई आदेश दिया है। इसके बावजूद पार्टी का हर कार्यकर्ता इस यात्रा से अपने दिल से जुड़ेगा।’’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,‘‘भारत जोड़ो यात्रा केवल राजनीतिक यात्रा नहीं है। यह अनेकता में एकता की भारतीय संस्कृति और संविधान को बचाने की यात्रा है। राहुल गांधी ने यह यात्रा निकालने की इसलिए सोची क्योंकि हमारी संस्कृति और संवैधानिक संस्थाएं खतरे में हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. भीमराव आम्बेडकर ने भारत को ऐसा संविधान दिया जिसकी दुनिया के कई देशों ने नकल की। उन्होंने आगे कहा,‘‘...लेकिन अगर संविधान ही गलत हाथों में चला जाए, तो भारत का क्या होगा? कमलनाथ ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला भी बोला और इसे ‘‘सूट, बूट और लूट की सरकार’’ करार दिया। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा,‘‘मध्यप्रदेश को विजन (दूरदृष्टि) की आवश्यकता है, टेलीविजन की नहीं। भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टेलीविजन और होर्डिंग की राजनीति कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

MP High Court ने रद्द किया 27 प्रतिशत OBC Reservation, 14 फीसदी कोटा फिर बहाल

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: Abhijeet Deepke ने दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया

MP Deputy CM Jagdish Devda ने OSD को पद से हटाया, शराब ठेके में रिश्वत के आरोपों पर जांच का आदेश

Kerala cabinet: बुजुर्गों की देखभाल को कानूनी गारंटी देने वाले विधेयक को मिली मंजूरी