By अभिनय आकाश | Oct 27, 2025
बॉलीवुड अदाकारा और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को बठिंडा की एक अदालत में 2020 के अपने उस विवादास्पद ट्वीट के लिए खेद व्यक्त किया जिसमें उन्होंने एक बुजुर्ग महिला किसान को शाहीन बाग की कार्यकर्ता बिलकिस बानो बता दिया था। कोर्ट में उन्होंने महिला बुजुर्ग किसान को लेकर किए गए ट्वीट पर माफी मांगी। अदालत के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, रनौत ने कहा कि यह एक सामान्य मीम था जिसे उन्होंने रीट्वीट किया था, न कि उन्होंने मूल रूप से कुछ लिखा था। मंडी की सांसद ने कहा आज बठिंडा आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। जैसा कि आप देख सकते हैं, यहाँ भारी भीड़ है, मेरे प्रशंसक मुझसे मिलने आए हैं। इसके अलावा, मैंने माताजी (किसान कार्यकर्ता) के पति को गलतफहमी के लिए एक संदेश भेजा था। मैंने सपने में भी इस विवाद की कल्पना नहीं की थी।
दिसंबर 2020 का है, जब रनौत ने एक अब डिलीट हो चुके ट्वीट में बुज़ुर्ग किसान महिंदर कौर को बिलकिस बानो बता दिया था, जो नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के ख़िलाफ़ दिल्ली के शाहीन बाग़ में हुए विरोध प्रदर्शन में सबसे आगे थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए 100 रुपये में उपलब्ध" थीं। केंद्र के कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ देशव्यापी आंदोलन के दौरान की गई इस टिप्पणी से व्यापक आक्रोश फैल गया था और कौर ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था।