By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई)’ के अध्यक्ष कपिल देव ने शुक्रवार को अधिकारियों से अपील की कि वे शहर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच पुलिस प्रतिबंधों के कारण गोल्फ प्रेमियों को ‘डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों को दूर करने में मदद करें। उन्होंने इसके साथ ही ‘जेन जी’ युवा पीढ़ी यानी को सलाह दी कि वे अपनी बात रखने के साथ-साथ दूसरों को सुनने की आदत भी विकसित करें। इस प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंट के दूसरे दिन कपिल देव ने संवाददाताओं कहा कि आयोजक चाहते हैं कि अधिक से अधिक दर्शक प्रतियोगिता देखने आएं, लेकिन इसके लिए सरकारी व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों का सम्मान करना भी जरूरी है।
हम किसी व्यवस्था को दरकिनार नहीं कर सकते।’’ दिल्ली गोल्फ क्लब मध्य दिल्ली में स्थित है। इसी क्षेत्र में निर्वाचन आयोग के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी देशभर में मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
कपिल देव ने कहा, ‘‘अधिकारी अगर इस टूर्नामेंट के महत्व को समझते हुए लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में मदद कर सकें, तो यह बहुत अच्छी बात होगी।’’ पिछले कुछ महीनों में सरकार के खिलाफ कई आंदोलनों में अग्रिम भूमिका निभाने वाली ‘जेन जी’ को संदेश देने के सवाल पर कपिल देव ने युवाओं की समझ और क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अनुभव का सम्मान करना और दूसरों की बात सुनना उतना ही जरूरी है। गौरतलब है कि सरकारी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक होने के विरोध में हुए आंदोलन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी चर्चा में रही थी।
भारत को पहली बार क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने कहा, “आज के युवा बहुत समझदार और बुद्धिमान हैं। उन्हें अपनी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। हमारे पास उनसे ज्यादा अनुभव है, जिसका इस्तेमाल हम उन्हें सही दिशा दिखाने में कर सकते हैं।
यह दोनों तरफ से चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, ‘‘युवा हमारे देश का भविष्य हैं। हमें उनका सही मार्गदर्शन करना चाहिए और उन्हें भी दूसरों की बात सुनने के लिए तैयार रहना होगा। ऐसा नहीं होना चाहिए कि वे सिर्फ अपनी ताकत के दम पर अपनी बात को सही साबित करने की कोशिश करें।
हमारा देश आगे बढ़ रहा है और इसे प्रगति के रास्ते पर ले जाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। देश को गलत दिशा में नहीं जाने देना चाहिए।” गोल्फ को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए छोटे प्रारूपों की वकालत भारत में गोल्फ की लोकप्रियता बढ़ाने के सवाल पर कपिल देव ने कहा कि इस खेल को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नए प्रारूप अपनाने और नौ होल वाले गोल्फ कोर्स विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हमें ऐसे नए प्रारूपों पर लगातार काम करना चाहिए, जिनसे खिलाड़ियों और आम लोगों को इस खेल में हिस्सा लेने के ज्यादा अवसर मिलें।
मैं चाहता हूं कि अगले 10 वर्षों में देश में नौ होल वाले गोल्फ कोर्स की संख्या बढ़े। भारत जैसे देश में 18 होल का गोल्फ कोर्स बनाना काफी मुश्किल हो सकता है।’’