By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कांग्रेस नेता सिद्धरमैया को निशाना बनाकर किए गए कथित स्टिंग ऑपरेशन की सोमवार को उचित जांच की मांग की और मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार तथा कांग्रेस सरकार पर इस मामले में बहुत कम रुचि दिखाने का आरोप लगाया। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सिद्धरमैया का इस्तेमाल करने और बाद में उन्हें दरकिनार करने की साजिश रची जा रही है, और दावा किया कि इस घटनाक्रम ने सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर आंतरिक मतभेदों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मामलों में देरी करने के बजाय, मुख्यमंत्री को एक उचित जांच करानी चाहिए और इस पूरे प्रकरण को किसी निष्कर्ष तक पहुंचाना चाहिए।’’ विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि ‘‘राजनीतिक हिसाब-किताब चुकता करने के लिए सीडी और पेन ड्राइव का इस्तेमाल किया जा रहा है।’’ उन्होंने दावा किया कि तथाकथित सीडी फैक्ट्री , जो पहले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय से संचालित हो रही थी, अब विधानसभा सौध में स्थानांतरित हो गई है।
सिद्धरमैया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक सोशल मीडिया साइट पर मानहानिकारक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में जनता दल (सेक्युलर) के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। केंद्रीय मंत्री और जेडी(एस) नेता एच डी कुमारस्वामी आरोप लगाते आ रहे हैं कि पुलिस वीडियो बनाने वाले असली दोषियों को बचाते हुए गलत लोगों को निशाना बना रही है। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि सरकार आरोपियों को परोक्ष रूप से सहायता दे सकती है और उन्होंने जांच से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि यदि अधिकारी मुख्य आरोपियों को अग्रिम जमानत दिलाने में मदद करते हैं, तो जेडी(एस) चुप नहीं बैठेगी।