By अंकित सिंह | Mar 29, 2023
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा चुका है। इसके साथ ही वहां आचार संहिता लागू हो गया है। इन सब के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री औप भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने दावा किया है कि हमारी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है और हम सत्ता में मजबूती से वापसी करेंगे। उन्होंने अपने बयान में कहा कि चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को नतीजे आएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा एवररेडी पार्टी है और हम चुनाव के लिए तैयार हैं। बीजेपी भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हम पहले ही अपने सभी विकास कार्यों के साथ लोगों के पास जा चुके हैं।
कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘चुनाव आयोग ने दुर्गा अष्टमी के पवित्र दिन कर्नाटक विधानसभा चुनाव की घोषणा की है। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस यह संकल्प लेती है कि वह 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार और सरेआम लूट से राज्य को मुक्ति दिलाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चलिए, ‘ब्रैंड कर्नाटक’ का पुन:निर्माण करते हैं। चलिए, कांग्रेस की गारंटी को लागू करते हैं। चलिए, कर्नाटक को विजयी बनाते हैं।’’ सुरजेवाला ने कहा, ‘‘हम कर्नाटक के लोगों के आशीर्वाद से सरकार बनाएंगे। हम एक ऐसी सरकार देंगे जो जवाबदेह होगी और कर्नाटक को सभी राज्यों में सबसे आगे ले जाएगी।’’