By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए आज मतों की गिनती जारी है। अब तक के रुझानों में कांग्रेस बहुमत हासिल करते हुए दिखाई दे रही है। कांग्रेस अपने दम पर 118 सीटें जीतती हुई दिख रही है। कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए 113 का आंकड़ा जरूरी होता है। सत्तारूढ़ भाजपा को वहां बड़ा नुकसान हुआ है। भाजपा 73 सीटों पर सिमटती हुई दिखाई दे रही है। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के हाथ एक बड़ा राज्य आता हुआ लग रहा है। ऐसे नहीं कांग्रेस में उत्सुकता साफ तौर पर देखी जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश है। जगह-जगह जश्न मनाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता भी अपनी प्रतिक्रिया देने लगे हैं। इन सबके बीच कांग्रेस ने एक बार फिर से हुंकार भरते हुए साफ तौर पर कहा है कि कर्नाटक में हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है। पीएम का नकारात्मक, विभाजनकारी अभियान काम नहीं आया। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शिग्गांव सीट पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (भाजपा) अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के पठाण यासिर अहमद खान से 6,236 मतों से आगे हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर हुबली-धारवाड़ सेंट्रल सीट से करीब 2,500 मतों से पीछे हैं। शेट्टर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियंक खरगे चित्तापुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मणिकांत राठौड़ से 2,493 मतों से आगे हैं।