कर्नाटक सरकार कोविड-19 ‘घोटाले’ से जुड़ी रिपोर्ट पर कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित करेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 11, 2024

कर्नाटक सरकार ने कोविड-19 ‘घोटाले’ से जुड़ी एक रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) और एक कैबिनेट उपसमिति गठित करने का बृहस्पतिवार को निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में एसआईटी और कैबिनेट उप समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एच के पाटिल ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि 31 अगस्त को 11 खंडों में प्रस्तुत ‘आंशिक’ रिपोर्ट में आयोग ने 7,223.64 करोड़ रुपये के खर्च की जांच की।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने इतनी बड़ी राशि के दुरुपयोग को नहीं इंगित किया है लेकिन आयोग ने 500 करोड़ रुपये की वसूल किये जाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा, ‘‘आयोग ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के चार जोन और राज्य के 31 जिलों से रिपोर्ट मांगी है और उसे अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है। संबंधित विभागों से 55,000 फाइलों का सत्यापन करने के बाद ‘आंशिक’ रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।’’

कैबिनेट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के नेतृत्व में सात सदस्यीय कैबिनेट उपसमिति का गठन किया। गृह मंत्री जी परमेश्वर, विधि मंत्री एच के पाटिल, स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव, ग्रामीण विकास मंत्री प्रियांक खरगे, श्रम मंत्री संतोष लाड और चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल समिति के सदस्य हैं।

प्रमुख खबरें

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले बोले Abhijit Deepke, पाबंदियों से साफ है सरकार डरी हुई है

Delhi Police Security | जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, कनॉट प्लेस से मेट्रो तक कई पाबंदियां लागू, इन रास्तों से बचें

लगातार आशीर्वाद के लिए लोगों का आभार, प्रधानमंत्री मोदी ने उपचुनावों में BJP की जीत के लिए वोटरों का किया धन्यवाद

Kerala High Court ने दी 8 हफ्ते की मोहलत, पशु मंडियों पर निगरानी समितियां न बनने पर लग सकती है रोक