कर्नाटक उच्च न्यायालय ने भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को जीबीपीएल 2023 में खेलने की स्वीकृति दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 24, 2023

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 27 अगस्त से नौ सितंबर तक होने वाली ग्रां प्री बैडमिंटन लीग (जीबीपीएल) के दूसरे सत्र में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को भाग लेने की अनुमति दे दी है। उच्च न्यायालय ने भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के उस सर्कुलर पर रोक लगा दी जिसमें खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने को कहा गया था। बीएआई ने 10 अप्रैल और पांच जुलाई को सर्कुलर जारी कर खिलाड़ियों को ‘गैर मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट’ में भाग नहीं लेने की चेतावनी दी थी। इसे कर्नाटक उच्च न्यायालय के समक्ष चुनौती दी गई जिसने अब बीएआई के सर्कुलर को लागू करने पर रोक लगा दी है। उच्च न्यायालय ने 21 जुलाई के आदेश में बीएआई को खिलाड़ियों, कोच और तकनीकी कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का भी आदेश दिया। उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा, ‘‘सर्कुलर पर रोक, इसके अलावा प्रतिवादी नंबर दो को बैडमिंटन खिलाड़ियों, कोच और तकनीकी कर्मचारियों के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई करने से रोका जाता है।’’

कुछ शीर्ष भारतीय नामों में विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता बी साई प्रणीत, राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ, ओरलियंस मास्टर्स विजेता प्रियांशु राजावत, साई प्रतीक, रोहन कपूर शामिल हैं।अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में रूस के सर्गेई सिरेंट, बेल्जियम के जूलियन कैरागी के अलावा व्लादिमीर इवानोव और इवान सोजोनोव की रूस की पुरुष युगल जोड़ी शामिल है। हालांकि बीएआई के सर्कुलर के बाद कई शीर्ष खिलाड़ी लीग में भाग लेने को लेकर संशय में थे।

प्रमुख खबरें

Aksar 2 में अभिनव शुक्ला का किसिंग सीन देख दुखी हुई थीं Rubina Dilaik

गलतियां नहीं मान रही सरकार, Owaisi का तंज- विपक्ष को दोष देना बंद करो

NEET Protest: Yogi Adityanath का Congress-SP पर बड़ा आरोप, छात्रों को कर रहे बदनाम

OTT पर रिलीज़ हुई Masters of the Universe, Nicholas Galitzine के ही-मैन अवतार के मुरीद हुए फैंस