By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान मंगलवार को पाषाण स्तंभ पर दीप जलाने की शीर्ष अदालत द्वारा अनुमति दिए जाने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि तिरुप्परनकुंद्रम में दीप जलाया जाएगा या नहीं। वहीं, तमिलनाडु में सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच विभिन्न हिस्सों में भाजपा और हिंदू संगठनों के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और निषेधाज्ञा लागू करने का मामला मद्रास उच्च न्यायालय पहुंच गया। मदुरै जिला प्रशासन ने सोमवार रात से ही प्रतिबंध लागू कर दिए और पहाड़ी क्षेत्र में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की।
इस बीच, न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन की अध्यक्षता वाली मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने अधिकारियों को तलब किया है। तिरुनेलवेली में, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए तिरुप्परनकुंद्रम जा रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया। शिवगंगा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) से संबद्ध हिंदू मुन्नानी के कई नेताओं और सदस्यों को हिरासत में लिया गया।
इसी तरह, राज्य के अन्य हिस्सों में भी दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नीत सरकार का हिस्सा वीसीके दीपथून पर दीप जलाने का कड़ा विरोध कर रही है। सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे वामपंथी दलों का भी इस मुद्दे पर यही रुख है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टीवीके सरकार भी पिछली द्रमुक और अन्नाद्रमुक सरकारों की तरह दीप जलाने की अनुमति केवल उचिपिल्लयार मंडपम क्षेत्र तक सीमित रखेगी या किसी अन्य स्थान यानी दीपथून पर भी दीप जलाने की अनुमति देगी। कार्तिगई दीपम उत्सव मंगलवार शाम को आयोजित होना है। इस बीच, मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की।
दीपम का पूरा विवाद हिंदू संगठनों और कुछ श्रद्धालुओं से जुड़ा है, जो तीन दशक से भी अधिक समय से पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में कार्तिगई दीपम उत्सव के दिन दीप जलाने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में मंदिर प्रशासन से संपर्क किया था। सरकार ने पिछले कई वर्षों में इस मुद्दे पर कई बार शांति बैठकें कराई हैं और लंबे समय से इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई भी चल रही है।
पहाड़ी के सबसे ऊपरी हिस्से में एक दरगाह स्थित है, जबकि सुब्रमण्य स्वामी मंदिर पहाड़ी के नीचे है। एक शिव मंदिर पहाड़ी पर है। हिंदू पक्ष के अनुसार, पहाड़ी पर जिस चट्टानी स्थान यानी पत्थर के स्तंभ पर वे दीप जलाना चाहते हैं, वह मंदिर के स्वामित्व में है।
करीब एक सदी पहले दीवानी अदालतों ने भी इस पर फैसला दिया था। कार्तिगई दीपम उत्सव के दिन साल में एक बार पारंपरिक तेल का दीपक केवल कुछ घंटों के लिए जलाया जाता है। हालांकि, दरगाह के अधिकारियों और मुस्लिम संगठनों ने पूजा स्थल के पास दीप जलाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
इस मामले में जमीन के स्वामित्व और विभिन्न पक्षों के अधिकारों से जुड़े कई कानूनी पहलू भी शामिल हैं।