By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026
कश्मीर अपराध शाखा के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने 93 लाख रुपये की जमीन और संपत्ति धोखाधड़ी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने बडगाम के जवालापोरा के गुलाम मोहि-उद-दीन डार को लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार जांच से पता चला है कि आरोपी ने जाली समझौतों की मदद से पुलवामा के ड्रुसु में प्रवासियों की जमीन और बिजबेहाड़ा में 300 पेड़ों को बेचने की पेशकश की थी। उन्होंने बताया कि ठगी की रकम को इधर-उधर करने में इस्तेमाल किया गया बैंक खाता कथित तौर पर उसी दिन खोला गया था जिस दिन पैसे अंतरित किए गए थे और इसे सिर्फ इस घोटाले को अंजाम देने के लिए ही खोला गया था। उन्होंने बताया कि ये दोनों खुद को संपत्ति स्वामी या ‘अटॉर्नी होल्डर’ बताकर, प्रवासियों की संपत्ति बेचने का झूठा वादा करते थे और भोले-भाले लोगों को ठगते थे।
अधिकारियों ने कहा कि फरार सह-आरोपी कौल के खिलाफ ह्यू एंड क्राई नोटिस (फरार व्यक्ति की सूचना देने वाला नोटिस) अब भी प्रभाव में है।