MP के Katni में ज्वेलरी शोरूम से 10 करोड़ के जेवर चोरी, दीवार काटकर घुसे चोर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

(प्रादे51 शीर्षक और इंट्रो में बदलाव के साथ रिपीट) कटनी, 13 नवंबर मध्यप्रदेश के कटनी शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम की पिछली दीवार में सेंध लगा कर वहां से 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बरगवां इलाके में स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में बृहस्पतिवार सुबह हुई चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है।

इसमें नकाबपोश एक बदमाश औजार लेकर शोरूम में दाखिल होता दिखाई दे रहा है, जबकि उसका एक साथी बाहर से उसकी मदद कर रहा है। उन्होंने बताया कि चोरी की वारदात सुबह चार बजे से सात बजे के बीच हुई। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक शोरूम के अंदर रहकर वारदात को अंजाम दिया और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।

इस अपराध में छह से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। कटनी के पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटनास्थल से 265 फिंगरप्रिंट जुटाए गए हैं और उनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बदमाशों ने गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य उपकरण कहां से हासिल किए थे।

’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर उन पर निगरानी शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ज्वेलरी कारोबारी से जुड़े लोगों ने बताया कि बदमाशों ने पिछली दीवार के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे पत्तियां बिछा दी थीं, ताकि दीवार में छेद करने और गैस सिलेंडर अंदर ले जाने के दौरान होने वाली आवाज को दबाया जा सके। इसके बाद उन्होंने गैस कटर से तिजोरी काटी।

पुलिस ने शोरूम से करीब 300 मीटर दूर लाल पहाड़ी इलाके से गैस कटर, एक बड़ा ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू एलपीजी सिलेंडर, पानी की खाली बोतलें, पेचकस, पाना और कुछ कपड़े बरामद किए हैं। शोरूम जून में ही खुला था और दीपावली के मद्देनजर वहां सामान्य से अधिक आभूषण रखे गए थे। शोरूम के मालिक ने बताया कि वहां रखे सभी आभूषणों का बीमा कराया गया था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए माधवनगर थाना पुलिस और अपराध शाखा की टीमें जुटी हुई हैं।

प्रमुख खबरें

राजस्थान में Panchayat Election के चौथे चरण की वोटिंग शनिवार को, 25 जिलों में तैयारी

अमेरिकी रक्षा मंत्री Pete Hegseth ने अनुशासन सिखाने वाले सैनिक Thomas Iglesias को दिया पदक

अफेयर की चर्चाओं के बीच सामने आई Govinda Komal और Rani Swarnkar की नई तस्वीरें, सोशल मीडिया पर मची हलचल

Sorry बाबू! दुनिया का सबसे चौंका देने वाला China Affair, ट्रंप सब जानकार भी क्यों थे चुप?