INDvSA: विश्व कप को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को परखने उतरेगा भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 08, 2022

नयी दिल्ली। इस साल के आखिर में आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये अदद टीम तैयार करने के लिये भारत गुरुवार से मजबूत दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ यहां शुरू हो रही पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में नये और पुराने कई खिलाड़ियों को परखने की कोशिश करेगा। भारत ने अभी लगातार 12 मैच जीते हैं और वह लगातार 13वां टी20 जीतकर नया रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास करेगा। मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मुख्य उद्देश्य हालांकि अक्टूबर में होने वाले विश्व कप के लिये टीम तैयार करना होगा।

ऋषभ पंत और टीम में वापसी करने वाले दिनेश कार्तिक मध्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे। पंत अपनी लय हासिल करने की कोशिश करेंगे जबकि यह देखना दिलचस्प होगा कि कार्तिक आईपीएल की अपनी फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं या नहीं। हार्दिक पंड्या ने आईपीएल में तीसरे और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी लेकिन वह यहां ‘फिनिशर’ की भूमिका में वापसी करने के लिये तैयार होंगे। द्रविड़ ने कहा, ‘‘कई बार आप राष्ट्रीय टीम में वही भूमिका निभाते हो जो अपनी फ्रेंचाइजी टीम के लिये निभाते हो लेकिन कभी कभी भूमिकाएं बदल जाती हैं।’’ भुवनेश्वर कुमार तेज गेंदबाजी विभाग की अगुवाई करेंगे जिसमें उनका साथ ‘डेथ ओवरों’ के विशेषज्ञ हर्षल पटेल देंगे। ये दोनों अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करेंगे क्योंकि विश्व कप के लिये तेज गेंदबाजों में केवल जसप्रीत बुमराह का चयन पक्का है। आवेश खान तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे लेकिन यदि वह नहीं चलते तो फिर अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को पदार्पण का मौका दिया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: अफगानिस्तान ने पहले वनडे में जिम्बाम्वे को 60 रन से हराया, सीरीज में बनाई बढ़त

युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी 2019 के बाद पहली बार टीम में वापसी कर रही है। चोटिल रविंद्र जडेजा का विश्व कप के लिये चयन निश्चित माना जा रहा है और चहल को भी बाहर नहीं किया जा सकता, ऐसे में रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और कुलदीप को दमदार प्रदर्शन करके अपना दावा मजबूत करना होगा। दक्षिण अफ्रीका ने 2010 से भारत में सीमित ओवरों की श्रृंखला नहीं गंवाई है और उसने इस बार भी अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारी है। दक्षिण अफ्रीका के लिये शानदार फॉर्म में चल रहे डेविड मिलर, क्विंटन डिकॉक और एडेन मार्कराम की भूमिका अहम होगी। गेंदबाजी विभाग में उसका दारोमदार तबरेज शम्सी और केशव महाराज की स्पिन जोड़ी तथा कैगिसो रबाडा और एनरिच नोर्किया की तेज गेंदबाजी जोड़ी पर टिका रहेगा।

टीम इस प्रकार हैं : भारत : केएल राहुल (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक। दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्किया, वेन पार्नेल, ड्वेन प्रिटोरियस, कैगिसो रबाडा, तबरेज़ शम्सी, ट्रिस्टन स्टब्स, रासी वान डेर डूसन, मार्को यानसेन। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Delhi Metro के सेवा तीर्थ स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदा अज्ञात व्यक्ति, हुई मौत

Navy Chief एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने Mauritius PM से मुलाकात कर समुद्री सुरक्षा पर चर्चा की

NIA ने Manipur IED attack मामले में पालाल थाडौ को किया गिरफ्तार, 10 दिन की हिरासत

Noida में असम की युवती की हत्या का आरोपी Raman Raj गिरफ्तार, बिहार से ला रही पुलिस