केजरीवाल बहुत दिनों तक कानून के ‘लंबे हाथों’ से बच नहीं सकते: BJP

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 19, 2024

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कई समन की तामील नहीं करने पर मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि जब तक कथित आबकारी नीति घोटाले में उनकी संलिप्तता के सबूत हैं, तब तक वह कानून के ‘लंबे हाथों’ से बच नहीं सकते। भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसी मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता का बचाव करने के लिए भी आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना की और कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई सबूतों पर आधारित है। 

आप के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पात्रा ने कहा, ‘‘केजरीवाल को पिछले छह महीने में नौ समन जारी किए गए और उन्होंने कोई न कोई बहाना बनाकर उन सभी की अनदेखी की। लेकिन ये बहाने काम नहीं आने वाले हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप कानून के लंबे हाथों से कितनी दूर भागेंगे। सबूत होने पर यह अंततः आपको पकड़ लेगा। तूफान आ रहा है और यह निश्चित रूप से तब आएगा जब आपने भ्रष्टाचार किया है।’’ पात्रा ने आरोप लगाया कहा, ‘‘केजरीवाल ने करोड़ों लोगों के भरोसे, सच्चाई और विकास की हत्या की है। इसके सबूत हर जगह उपलब्ध हैं। इसलिए ईडी (उन्हें) समन जारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे। 

दिल्ली की एक अदालत ने कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले ईडी की ओर से दायर दो शिकायतों पर केजरीवाल को शनिवार को जमानत दे दी। पात्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल जमानत दिए जाने को ऐसे पेश कर रहे हैं जैसे उन्हें अदालत से राहत मिल गई हो जबकि मामले में वह अब भी आरोपी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल जमानत पर बाहर हैं। जमानत देना न्यायालय द्वारा राहत नहीं है। जरूर कुछ गलत है कि उन्हें जमानत मांगनी पड़ी।’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जमानत पर बाहर रहना योग्यता नहीं बल्कि अवगुण है। जमानत मिलने को अदालत द्वारा राहत के रूप में पेश न करें।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत से जमानत मिलने के बाद केजरीवाल अब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की श्रेणी में खड़े हो गए हैं जो नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर बाहर हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘लोग समझ सकते हैं कि भ्रष्टाचार की गारंटी किसके पास है।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के लिए वोट करेंगे और लोकसभा चुनावों में भाजपा को विजयी बनाएंगे। 

इसे भी पढ़ें: Lok Sabha Election : दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया कंटेंट पर नजर रखने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने मंगलवार को ईडी पर ‘राजनीतिक हथियार’ बनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एजेंसी का यह दावा कि बीआरएस नेता के. कविता अब रद्द की गई आबकारी नीति में आप नेताओं को 100 करोड़ रुपये का भुगतान करने में शामिल थीं, को उच्चतम न्यायालय ने खारिज कर दिया है। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि संघीय जांच एजेंसी की कार्रवाई का लक्ष्य केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रचार करने से रोकना है।

प्रमुख खबरें

Chirag Paswan ने पटना में कहा, Paper Leak रोकने के लिए सख्त कदम जरूरी

Ghazipur में ANTF और पुलिस ने पकड़ी 2 करोड़ रुपये की हेरोइन, महिला समेत तीन गिरफ्तार

MP में CM Mohan Yadav और Nitin Gadkari शुरू करेंगे सुगम परिवहन सेवा, चलेंगी 351 बसें

एशियाई खेलों की 10m एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे Kamaljeet और Suruchi