आत्ममुग्ध हैं केजरीवाल, वही पुराना नाटक कर रहे हैं, जो हर चुनाव से पहले करते हैं: भाजपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 18, 2022

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) वही ‘‘पुराना नाटक’’ कर रही है जो वह प्रत्येक चुनाव से पहले करती रही है। भाजपा की यह टिप्पणी दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा यह कहे जाने के कुछ घंटे बाद आई कि गुजरात में सत्ताधारी पार्टी बौखला गई है।

इसे भी पढ़ें: पूर्वोत्तर की नदियों की होगी सफाई, खर्च किए जाएंगे 200 करोड़

पात्रा ने कहा कि केजरीवाल हमेशा किसी भी राज्य चुनाव से पहले दावा करते हैं कि उनकी पार्टी जीत रही है और अन्य “बैखलाए” हुए हैं। पात्रा ने कहा कि आप हिमाचल प्रदेश में ‘‘बिखर’’ गई और उत्तराखंड में इसके अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ दी, जबकि केजरीवाल ने इन दोनों पहाड़ी राज्यों में अपनी पार्टी की संभावनाओं के बारे में बड़े-बड़े दावे किए थे। इससे पहले दिन में, केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला किया और उन पर भ्रष्टाचार से लड़ने के नाम पर आप को ‘‘कुचलने’’ की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गुजरात में इस साल होने वाले चुनाव में हार का डर है। अपने दावों पर प्रकाश डालते हुए पात्रा ने कहा कि भाजपा के शासन में गुजरात दशकों से विकास पथ पर अग्रसर है और आगे भी रहेगा। भाजपा प्रवक्ता ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यह आश्चर्य की बात है कि उन्होंने (केजरीवाल ने) यह नहीं कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन भी उनसे डरते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ईमानदारी और बेईमानी को लेकर केजरीवाल का प्रमाणपत्र न्यायपालिका से अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने केजरीवाल पर यह दावा करने को लेकर पलटवार किया कि उनकी पार्टी ‘‘कट्टर ईमानदार’’ है। पात्रा ने कहा कि आप वास्तव में ‘‘कट्टर बेईमान’’ और भ्रष्ट है। भाजपा प्रवक्ता ने जितेंद्र सिंह तोमर और संदीप कुमार का हवाला देते हुए कहा कि इतिहास में किसी भी निर्वाचित सरकार के इतने मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप के कारण इस्तीफा नहीं देना पड़ा है, जितना कि आप सरकार के मंत्रियों को देना पड़ा है। केजरीवाल ने उन सभी का गलत बचाव किया और इसी तरह से अब वह जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन तथा कथित आबकारी घोटाले के आरोपी उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का बचाव कर रहे हैं। आप के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के मंत्रियों और नेताओं को मोदी सरकार भ्रष्टाचार के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि भाजपा ‘‘गुजरात में आप की बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रही है।’’ केजरीवाल के अपनी पार्टी की संभावनाओं और दिल्ली में उनकी सरकार के काम के बारे में किए गए बड़े दावों पर पात्रा ने कहा कि वह काम कम शोर ज्यादा कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि वह विशिष्ट मुख्यमंत्री हैं जिनके पास कोई मंत्रालय नहीं है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तर्कहीन दावे कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास भ्रष्टाचार के मामलों में अपनी पार्टी के नेताओं पर लगे आरोपों का कोई वास्तविक जवाब नहीं है। भाजपा नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वह (केजरीवाल) जो कुछ भी करते हैं उसकी वैश्विक स्तर पर चर्चा होती है। उन्होंने पूछा कि जिस ‘मोहल्ला क्लीनिक’ के बारे में वह इतनी बात करते हैं वहां कोविड-19 के कितने मरीजों का उपचार हुआ। केजरीवाल ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष हमले में कहा था कि लोगों को मुफ्त सुविधाओं की आलोचना करने वाले बेईमान और गद्दार ही होंगे। इस पर पलटवार करते हुए पात्रा ने कहा कि आतंकी ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद सेना से सबूत मांगने वाले असली गद्दार हैं। केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा आप नेताओं को निशाना बनाए जाने के दिल्ली के मुख्यमंत्री के दावों की हवा निकालने की कोशिश करते हुए, उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री एक तरफ कहते हैं कि सीबीआई और ईडी केंद्र सरकार की कठपुतली हैं और दूसरी तरफ संकेत देते हैं कि वे उन्हें उनके अगले कदम के बारे में सूचित करती हैं। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि केजरीवाल जानते हैं कि उनके कौन से मंत्री भ्रष्ट हैं, वह अच्छी तरह समझते हैं कि परिणाम कौन भुगत सकता है।

प्रमुख खबरें

महाकुंभ वाले IIT वाले बाबा अभय सिंह ने कर ली शादी, जानें किस कॉलेज से की पढ़ाई, दोनों के पास हैं कौन-कौन सी डिग्रियां?

Pawan Khera की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही Assam Police, CM Himanta बोले- पहले उसको पेलूंगा, फिर उसका पेड़ा बनाऊँगा

FSSAI Controversy: भर्ती पर सवाल उठाने पर Activists के खिलाफ FIR, संस्था पर उठे सवाल

MP में Ambedkar Jayanti पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, 8 से 14 अप्रैल तक भव्य आयोजन