Kenya में Ebola संक्रमण का आठवां मामला मिला, पहले मरीज के परिचारक में हुई पुष्टि

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026

केन्या में एक और व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद देश में इबोला संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक डॉ. पैट्रिक अमोथ ने रविवार को बताया कि इबोला का आठवां मामला 49 वर्षीय उस व्यक्ति का है जो एक मरीज का परिचारक है और जिसने इबोला के मरीज की देखभाल की थी। उस वक्त वह इबोला का पहला मामला था।

पांच अक्टूबर को पहले मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्यकर्मियों सहित करीब 130 लोगों को उसके संपर्क में आए लोगों की सूची में शामिल किया गया था। इनमें से 128 लोग अब भी पृथकवास में हैं। इबोला अत्यधिक संक्रामक है और संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक तरल पदार्थों, जैसे खून और उल्टी के सीधे संपर्क में आने या बिस्तर और कपड़ों जैसी दूषित वस्तुओं एवं सतहों के संपर्क में आने से फैलता है।

कांगो में मई से अब तक इस संक्रमण के कारण कम से कम 4,000 लोगों की मौत हो चुकी है और वहां इसका अब तक का सबसे घातक प्रकोप जारी है। केन्या में इबोला का पहला मामला केन्याई व्यक्ति का ही था, जो कांगो से तीन अक्टूबर को केन्या पहुंचा था। एक रिश्तेदार उसे अस्पताल लेकर गया, जहां पांच अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।

केन्या में इबोला का पहला मामला सामने आने से सीमा चौकियों पर जांच व्यवस्था में खामियां उजागर हुईं। इसके बाद से देश ने जांच व्यवस्था को मजबूत किया है और उन लोगों के लिए एक आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू की है, जिन्हें संदेह है कि वे इबोला के किसी मरीज के संपर्क में आए हैं या जिनमें इस बीमारी के लक्षण विकसित हो रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Tiger Shroff पर जानलेवा हमले के बाद मुश्किल घड़ी में दोस्त का साथ, देर रात अभिनेता के घर मिलने पहुंचीं Disha Patani

Meghalaya में GIS और सैटेलाइट से 3.4 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य बंजर जमीन की हुई पहचान

Shardiya Navratri की महाष्टमी पर Maa Mahagauri की पूजा और Kanya Pujan का विशेष विधान

Ankita Bhandari Case: Patiala House Court बाहर प्रदर्शन कर रहे कई लोग हिरासत में लिए गए