By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
ओडिशा में एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से पुरी की 17 वर्षीय किशोरी से दोस्ती करने के बाद उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में 34 वर्षीय एक केन्याई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद फैज मोहम्मद नामक आरोपी को भुवनेश्वर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया, जहां वह ठहरा हुआ था।
उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि किशोरी सितंबर 2025 में अपने मोबाइल फोन पर ‘कैरम किंग’ ऐप पर ऑनलाइन कैरम खेलते समय आरोपी के संपर्क में आई थी। दोनों ने इस गेमिंग मंच के माध्यम से बातचीत शुरू की और आरोपी ने कथित तौर पर उससे संबंध बना लिए।
पुलिस के अनुसार, उसने बाद में किशोरी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि आरोपी ने किशोरी को कथित तौर पर निजी तस्वीरें साझा करने के लिए राजी किया और बाद में उससे मिलने के लिए कहा। वह 10 नवंबर को भारत आया और 18 नवंबर को पुरी पहुंचा।
दोनों पुरी में मिले और कथित तौर पर भुवनेश्वर जाने की योजना बनाई। किशोरी सोमवार सुबह कार से भुवनेश्वर पहुंची, जहां आरोपी ने बरमुंडा बस अड्डे के पास उससे मुलाकात की। इसके बाद वह उसे जागमारा इलाके के एक होटल में ले गया और कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया तथा उसे वहां बंधक बनाकर रखा।
आरोपी ने पीड़िता के माता-पिता से एक लाख रुपये की भी मांग की थी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद किशोरी के माता-पिता ने पुरी टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसे होटल से मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से उसका पासपोर्ट, वीजा, एक पहचान पत्र और 9,330 रुपये नकद जब्त किए हैं।