By अंकित सिंह | Sep 17, 2024
केरल में मलप्पुरम जिला प्रशासन ने जिले में निपाह वायरस से संबंधित एक मौत की पुष्टि के बाद कई क्षेत्रों में प्रतिबंध लगा दिया। इसके बाद फेस मास्क पहनना अनिवार्य हो गया। इन सब के बीच केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमने पाया है कि मलप्पुरम में एक छात्र की मौत निपाह वायरस के कारण हुई थी। इस व्यक्ति के 175 संपर्कों में से 26 उच्च जोखिम वाली श्रेणी में हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 26 में से 13 व्यक्तियों का परीक्षण नकारात्मक आया है। हमने घर की निगरानी शुरू कर दी है।
मलप्पुरम जिले की दो पंचायतों के पांच वॉर्ड को निरुद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है और वहां लोगों को बड़ी संख्या में एकत्र न होने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अधिकारियों ने निरुद्ध क्षेत्रों में दुकानों को शाम सात बजे तक बंद करने का निर्देश दिया है। निरुद्ध क्षेत्रों में सिनेमाघर, स्कूल, कॉलेज, मदरसे, आंगनवाड़ी और कोचिंग केंद्र बंद रहेंगे। मलप्पुरम में प्राधिकारियों ने लोगों को सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने का सख्त निर्देश जारी किया है। शादियों, अंत्येष्टि और अन्य कार्यक्रमों में एकत्र होने वाले लोगों की संख्या भी सीमित करने को कहा गया है।