Kerala High Court ने कार हादसे के मामले में न्यायाधीश की गिरफ्तारी पर लगाई रोक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

केरल उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह चेरानल्लूर में एक कार दुर्घटना में एक स्कूटर चालक की मौत के सिलसिले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को गिरफ्तार न करे। इस हादसे में न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे की कार की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौत हो गई थी। न्यायमूर्ति कौसर एडप्पागाथ ने संबंधित न्यायाधीश की अग्रिम जमानत अर्जी पर उनके वकील एवं केरल सरकार के वकील की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया।

यह कार एक न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत थी। पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे ढाबा चलाने वाला जयबालकृष्णन अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया और रविवार शाम को नाबालिग को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया।

इस कदम के बाद चेरानल्लूर थाने के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। जयबालकृष्णन के बेटे और बेटी ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रदर्शन करते हुए मांग की कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उसे किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया।

शुरुआती जांच के बाद, पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 लगाई, जो गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है। लेकिन बाद में किशोर न्याय बोर्ड ने नाबालिग को जमानत दे दी। पुलिस ने इस मामले में उसके पिता को आरोपी बनाया।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को न्यायाधीश से पूछताछ की गई तथ बृहस्पतिवार दोपहर को उनसे और पूछताछ की जानी है।

प्रमुख खबरें

Balaghat के 100 पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में विकास अभियान, तैयार होगी कार्य योजना

Ramayana Part 1 Cast: रणबीर कपूर की इस पौराणिक फिल्म में माता सीता के पिता राजा जनक का किरदार कौन निभा रहा है?

UP MLC Election: 10 सीटों के नतीजे घोषित, BJP को 6 और SP को मिलीं 4 सीटें

बुरे फंसे नेतन्याहू! नहीं मिला बहुमत, अब अरब पार्टियां बनेंगी किंगमेकर