केरलम में MDMA तस्करी गिरोह होगा ध्वस्त, गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने दी चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने रविवार को कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क पर सरकार और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और राज्य में नशीले पदार्थों के लिए कोई जगह नहीं है। हाल ही में केरलम पुलिस द्वारा पुणे से एक नाइजीरियाई नागरिक और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए चेन्निथला ने कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा। नाइजीरियाई नागरिक और उसकी पत्नी को जून में कोंडोट्टी के पुलिक्कल में जब्त किए गए 780 ग्राम एमडीएमए (मादक पदार्थ) के सिलसिले में जांच के दौरान पुणे से गिरफ्तार किया गया था और उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘इस नेटवर्क के विभिन्न स्तरों पर अब तक लगभग 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आरोपियों के बेंगलुरु तथा कोयंबटूर (तमिलनाडु) में मादक पदार्थों के मामलों से जुड़े होने का भी संदेह है।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘केरलम पुलिस को बधाई। मादक पदार्थों के नेटवर्क पर हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हम इस नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर देंगे।

केरलम में मादक पदार्थों के लिए कोई जगह नहीं है।’’ गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक इकेचुकवु पॉल ओगबोन्ना (40) और उसकी पत्नी आरती (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने दंपति के आवास से लगभग दो लाख रुपये नकद, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए थे। पुलिस के अनुसार, पॉल पिछले 15 वर्षों से भारत में रह रहा था और उसने आठ साल पहले आरती से शादी की थी।

दोनों कथित तौर पर अगले सप्ताह भारत छोड़कर नाइजीरिया जाने की तैयारी कर रहे थे। मेथिलीनडाइऑक्सीमेथामफेटामाइन (एमडीएमए) एक प्रतिबंधित पदार्थ है और उसे मौली या एक्स्टसी के नाम से भी जाना जाता है।

प्रमुख खबरें

Delhi Weather: राजधानी में AQI 237 दर्ज, न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11.8 डिग्री पर पहुंचा

Gujarat और Rajasthan में दो बड़े सड़क हादसे, 16 लोगों की मौत; PM Modi ने किया मुआवजे का ऐलान

गुजरात और राजस्थान में सड़क हादसों पर PM Modi ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Madhya Pradesh के बालाघाट के मेले में चाऊमीन खाना पड़ा भारी, 118 बच्चे समेत 130 लोग अस्पताल में भर्ती