By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेन्निथला ने त्रिशूर में नवनिर्मित पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन करने और त्रिशूर टाउन ईस्ट पुलिस थाने के नए भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत के बाद यह बात कही। तिरुवनंतपुरम के कझाकूट्टम में सोमवार को वाहन जांच के दौरान एक वैन द्वारा कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को कझाकूट्टम में मादक पदार्थों की तस्करी के संदिग्ध तीन लोगों ने अपना वाहन जिला मादक पदार्थ निरोधक विशेष कार्रवाई बल (डैनसैफ) की टीम पर कथित तौर पर चढ़ा दिया था। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। चेन्निथला ने कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए शुरू किए गए केरल पुलिस के अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ ने दूसरे देशों का भी ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों में पुलिस ने 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और 16,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (कापा) के तहत कार्रवाई करने और उनकी संपत्तियां जब्त करने जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक या धार्मिक संबद्धता पर विचार किए बिना और किसी की सिफारिश के आगे झुके बिना की जा रही है।
चेन्निथला ने कहा कि स्कूली बच्चों को निशाना बना रहे मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों के खिलाफ लड़ाई में माताओं और आम जनता का मजबूत समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन तूफान’ के दूसरे चरण का विस्तार स्थानीय स्वशासन संस्थाओं की भागीदारी से किया जाएगा। उन्होंने ‘केरल पुलिस हाउसिंग एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन’ (केपीएचसीसी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को शेष पुलिस आवासों का निर्माण मार्च तक पूरा करने और नए थाने के भवन का निर्माण कार्य तेज करने का निर्देश दिया।